संसद में पेश होने वाले पांचों बिल पंजाब के खिलाफ : परगट सिंह
परगट बोले- आप सरकार ने विधानसभा का मजाक बनाया, पंजाब के गंभीर मुद्दों पर कॉमेडी बर्दाश्त नहीं
5 Dariya News
जालंधर 29-Nov-2025
पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक परगट सिंह ने केंद्र सरकार शीतकालीन सत्र में पेश करने जा रही एजुकेशन कमिशन बिल, परमाणु उर्जा बिल, बिजली बिल, नैशनल हाईवे अथॉरिटी बिल और चंडीगढ़ बिल को पंजाब के खिलाफ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पांचों बिलों में से खास कर चंडीगढ़ बिल मामले में आम आदमी पार्टी और भाजपा पंजाब के लोगों को गुमराह कर रही है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान भले ही कह रहे हैं कि केंद्र ने चंडीगढ़ बिल को वापिस ले लिया है, लेकिन ऐसी कोई बात नहीं हुई है। सिर्फ बात कह देना काफी नहीं है। परगट सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ पंजाब की राजधानी है और रहेगी, क्योंकि स्टेट होल्डर पंजाब है। हमारा कानून कहता है कि जब किसी स्टेट से कोई स्टेट अलग होती है तो वह अपनी राजधानी बनाती है।
जबकि असली राजधानी उसी प्रदेश के पास रहती है। फिर पंजाब के लिए अलग बात क्यों? पंजाब के अलावा कोई स्टेक होल्डर है ही नहीं? भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों ही पंजाब के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। वहीं उन्होंने पंजाब के मुद्दों पर मॉक सैशन आयोजित करने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ विधानसभा सैशन लगाना बहुत निंदनीय है।
आम आदमी पार्टी को पंजाब के गंभीर मुद्दों को मजाक में नहीं उड़ाना चाहिए। ऐसा करके पंजाब आम आदमी पार्टी ने साबित कर दिया है कि राजनीति में बौद्धिक स्तर कम हो रहा है। पंजाब विधानसभा के सैशन की शुरुआत तंज कसने से होती और असली मुद्दों पर डिबेट ही नहीं होती। विपक्ष को बोलने के समय ही नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि आप सरकार के इस तरह विधानसभा का मजाक उड़ाए जाने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
साल 2027 विधासनभा से पहले भाजपा और अकाली दल में गठजोड़ होने के सवाल पर परगट सिंह ने कहा कि दोनों ही पार्टियों की विचारधारा एक दूसरे के खिलाफ है। भाजपा हर रोज पंजाब पर हमला कर रही है। हर रोज चंडीगढ़ ले रही है और बीबीएमबी पर कब्जा कर रही है। ऐसे में रीजनल पार्टी अकाली दल किस मुंह से भाजपा के साथ गठजोड़ करेगा।