5 Dariya News

समृद्ध और विकसित भारत की दिशा में राष्ट्रीय जन-आंदोलन है आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प : विपुल गोयल

केंद्र सरकार व हरियाणा सरकार आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प को जमीनी स्तर पर साकार करने के लिए कृतसंकल्प : खाद्य, नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर

5 Dariya News

पलवल 28-Nov-2025

हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने शुक्रवार को पलवल स्थित रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर आत्मनिर्भर भारत-स्वदेशी संकल्प अभियान के तहत रेल यात्रियों से संपर्क करते हुए उन्हें अभियान के बारे में पैम्फलेट बांटकर जागरूक किया और उनसे स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया। 

श्री विपुल गोयल ने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल एक विचार नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त संकल्प है। स्वदेशी अपनाएं-भारत को ‘विकसित’ बनाएं का संदेश हमें आत्मनिर्भरता की राह दिखाता है। जब हम अपनी मेहनत से बनी चीजों का उपयोग करते हैं तो हमें गर्व का एहसास होता है। 

स्थानीय उत्पादों को अपनाकर और उन्हें विश्व पटल पर पहचान दिलाकर हम देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की नींव स्वदेशी के समर्थन पर टिकी है, जो भारत को एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने स्वच्छता अपनाने का आह्वान करते हुए सहयोग करने की बात कही। 

उन्होंने कहा कि केंद्र व हरियाणा सरकार की संयुक्त एवं दूरदर्शी नीतियों के परिणामस्वरूप हर घर, हर युवा, हर महिला, हर किसान और हर उद्योग नई संभावनाओं और अवसरों से जुड़ रहा है। यही संकल्प भविष्य के सशक्त, गौरवशाली और विकसित भारत की नींव है। 

आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचते हुए युवाओं, महिलाओं, किसानों और उद्यमियों के लिए नए अवसर और विकास की दिशा प्रशस्त कर रहा है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि भारत आज तेजी से बदलते वैश्विक परिवेश में नई पहचान स्थापित कर रहा है। 

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प के राष्ट्रीय अभियान ने देश को उपभोक्ता से उत्पादक और वैश्विक नवाचार केंद्र के रूप में उभरने की दिशा में अभूतपूर्व उपलब्धियां दिलाई हैं। केंद्र के साथ-साथ हरियाणा सरकार भी इस संकल्प को जमीनी स्तर पर साकार करने के लिए समर्पित है, जिसके परिणाम रोजगार, उद्योग, कृषि, रक्षा, अंतरिक्ष, स्टार्टअप और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।