5 Dariya News

पंजाब राज्य महिला आयोग और पंजाब राज्य बाल अधिकार सुरक्षा आयोग ने पोक्सो केस में फास्ट ट्रैक सुनवाई की मांग की

दोनों आयोगों ने पीड़ित परिवार को आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, तेज़ जांच पर भी दिया ज़ोर

5 Dariya News

जालंधर 26-Nov-2025

पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल और पंजाब राज्य बाल अधिकार सुरक्षा आयोग के चेयरमैन कंवरदीप सिंह ने बुधवार को जालंधर शहर में हाल ही में घृणित अपराध का शिकार हुई नाबालिग लड़की के परिवार से मुलाकात की। दोनों ने गहरा दुख प्रकट करते हुए परिवार के साथ हमदर्दी व्यक्त की। 

उन्होंने कहा कि यह क्षति अपूरणीय है और पंजाब सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि अपराध में शामिल आरोपी को कानून के अनुसार सबसे सख्त सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार जल्द न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है।

मैडम गिल और श्री सिंह ने अपील की कि आरोपी को शीघ्र सजा दिलाने के लिए इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए। उन्होंने कहा कि आयोग जल्द कानूनी नतीजे के लिए पंजाब सरकार को मामले की शीघ्र सुनवाई के लिए सिफारिश करेगा। उन्होंने कहा कि हम सख्त कार्रवाई और समय पर न्याय सुनिश्चित करने के लिए इस मामले को उच्च स्तर पर उठाएंगे।

जांच की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने परिवार को बताया कि पुलिस ने आरोपी का 9 दिन का रिमांड पहले ही हासिल कर लिया है, जबकि फोरेंसिक टीमों ने अदालत में केस को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण सबूत एकत्र कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर से मुलाकात कर अब तक की गई पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने तेज़ और पारदर्शी जांच की आवश्यकता पर ज़ोर दिया तथा बिना किसी देरी के न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक सुनवाई की मांग दोहराई।

इस मौके पर डिप्टी डायरेक्टर गुलबहार सिंह तूर, डी.पी.ओ. मंजिंदर सिंह, डी.सी.पी.ओ. अजय भारती भी मौजूद रहे।