5 Dariya News

शहीदी दिवस को समर्पित विशाल नगर कीर्तन के पटियाला पहुँचने पर भव्य स्वागत

बड़ी संख्या में संगत सहित स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, विधायक अजीतपाल सिंह कोहली, चेतन सिंह जौड़ामाजरा, नीना मित्तल, गुरलाल घनौर और हडाणा नगर कीर्तन को हुए नतमस्तक

5 Dariya News

पटियाला 21-Nov-2025

"हिंद की चादर" श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित तलवंडी साबो से धार्मिक यात्रा के रूप में पूरे खालसाई भाव-भंगिमा के साथ आरंभ हुए विशाल नगर कीर्तन के पटियाला पहुँचने पर संगत द्वारा बुलंद जयकारों की गूंज के बीच भव्य स्वागत करते हुए यहाँ लीला भवन में पुलिस की हथियारबंद टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

फूलों से सजी सुंदर पालकी साहिब में विराजमान युगों-युगों अटल श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को नतमस्तक होने एवं पांच प्यारों को सिरोपाव भेट करते समय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह सहित विधायक अजीतपाल सिंह कोहली और मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि नवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को मनाना हम सबके लिए ऐतिहासिक पल है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गुरु साहिब समेत उनके सिख भाई सती दास जी, भाई मती दास जी और भाई दियाला जी ने ओरंगज़ेब की बलपूर्वक और जबरन धर्म परिवर्तन के खिलाफ खड़े होकर दर्शाया कि उनका बलिदान किसी एक धर्म के लिए नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए थी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गुरु साहिब के शहीदी दिवस को नम्र श्रद्धालु रूप में पूर्ण आस्था, श्रद्धा भावना और गुरमत मर्यादा के साथ मना रही है। 

इस दौरान डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव, एस.एस.पी वरुण शर्मा, नगर निगम कमिश्नर परमजीत सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा शहर की संगत बड़ी संख्या में उपस्थित रही। नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब के पवित्र परिसर में भी पहुँचा, जहाँ संगत ने सम्मानित पंज प्यारे को सम्मानपूर्वक सिरोपा देकर सम्मानित किया।

इससे पहले विशाल नगर कीर्तन का संगरूर रोड पर विधान सभा क्षेत्र समाना के गाँव गज्जूमाजरा में विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और इलाके की संगत ने नगर कीर्तन को सम्मान भेंट कर स्वागत किया। गुरुद्वारा साहिब बहादुरगढ़ पर विधान सभा क्षेत्र सनौर के प्रभारी पीआरटीसी चेयरमैन रणजोध सिंह हडाणा और इलाके की संगत ने नगर कीर्तन का स्वागत किया।

वहीं राजपुरा रोड पर विधायक गुरलाल घनौर ने खेड़ी गंडीयां के निकट नगर कीर्तन और संगत का स्वागत किया और विधायक नीना मित्तल ने राजपुरा के फव्वारा चौक में इलाके की संगत सहित नगर कीर्तन पर फूलों की वर्षा कर शानदार स्वागत किया। नगर कीर्तन का गुरुद्वारा श्री परमेश्वर द्वार साहिब पर पर संत रणजीत सिंह ढंडरियाँ और इलाके की संगत द्वारा भी स्वागत किया गया।

पटियाला में नगर कीर्तन के स्वागत मौके तेजिंदर महिता, मेघ चंद शेरमाजरा, बलजिंदर सिंह ढिल्लों, जगदीप जग्गा, इंदरजीत सिंह संधू, हरिंदर कोहली, यादविंदर सिंह संधू गोल्डी, अमरीक सिंह बांगड़, प्रदीप जोशन, जरनैल मन्नू, जसवीर सिंह गांधी, अमित डाबी, अंग्रेज रामगढ़, गुरदीप सिंह टिवाना, वीरपाल कौर चहल के अलावा धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक व अन्य प्रमुख हस्तियां उपस्थित रही।

उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार द्वारा समस्त संगत के सहयोग से बीते दिन तख़्त श्री दमदमा साहिब तलवंडी साबो की पवित्र धरती पर गुरुद्वारा श्री बेर साहिब (देगसर) पातशाही 10वीं छावनी बुढ़ा दल पाँचवाँ तख़्त से श्री आनंदपुर साहिब जाने हेतु सजाए गए इस नगर कीर्तन के दौरान शहादत-ए-लो, नगाड़ों की गूंज और गतके के जौहर, गुरबानी कीर्तन, इतिहास दर्शाती एलईडी वैन संगत की विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वाहनों के बड़े काफिले में सवार श्रद्धालु नगर कीर्तन में श्रद्धा भावना से हिस्सा ले रहे हैं और संगत की सुविधा हेतु काफिले में एंबुलेंस, डिजिटल म्यूजियम, लंगर की व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सामान मौजूद है।

इस नगर कीर्तन का ठहराव 20 नवम्बर रात को गुरुद्वारा श्री मस्तुआणा साहिब संगरूर में किया गया था और यह आज पटियाला फव्वारा चौक, लीला भवन, भूपिंदरा रोड, थापर यूनिवर्सिटी चौक और जेल रोड–जिला प्रबंधकीय परिसर-गुरुद्वारा श्री दुख:निवारण साहिब, खंडा चौक, पुराना बस अड्डा, नया बस अड्डा, अर्बन एस्टेट, पंजाबी यूनिवर्सिटी होते हुए राजपुरा–बनूड़ और जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर होते हुए 22 नवम्बर को श्री आनंदपुर साहिब में संपन्न होगा।