5 Dariya News

शहीदी दिवस को समर्पित विशाल नगर कीर्तन के संगरूर जिले में पहुंचने पर अमन अरोड़ा, मीत हेयर सहित बड़ी संख्या में संगतों ने भव्य स्वागत

गुरु साहिब के शहीदी दिवस को पंजाब सरकार एक श्रद्धालु के रूप में पूरी श्रद्धा, आस्था और गुरमत मर्यादा के साथ मना रही है: अमन अरोड़ा

5 Dariya News

संगरूर/लौंगोवाल 20-Nov-2025

श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित विशाल नगर कीर्तन तलवंडी साबो से निकलकर बड़बर मार्ग से होकर संगरूर जिले में पहुंचा, जहां पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा और संगरूर से लोक सभा सदस्य श्री गुरमीत सिंह मीत हेयर सहित बड़ी संख्या में संगतों ने नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर पालकी साहिब को नतमस्तक होते हुए और पांच प्यारों को सिरोपा भेंट करते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को मनाना हम सभी के लिए ऐतिहासिक क्षण हैं। 

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गुरु साहिब के शहीदी दिवस को विनम्र श्रद्धालु के रूप में पूरी श्रद्धा, आस्था और गुरमत मर्यादा के साथ मना रही है। श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि अकाल पुरुख ने इस महान कार्य को निभाने के लिए सूबा सरकार पर अपार कृपा की है और सरकार इस कार्य में कोई कमी नहीं रहने दे रही है। 

उन्होंने लोगों को श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वारा संपूर्ण मानवता को दिखाए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कैबिनेट मंत्री ने संगतों को 23 से 25 नवंबर तक श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित होने वाले आयोजनों में बड़े स्तर पर शामिल होने का न्योता देते हुए कहा कि गुरु साहिब की शहादत को नमन करने के लिए हम सभी परिवार सहित श्री आनंदपुर साहिब नतमस्तक हों।

उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए "चक नानकी" नामक "टेंट सिटी" स्थापित की गई है। गौरतलब है कि जुगो-जुग अटल श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया तथा पांच प्यारों की अगुवाई में निकला यह नगर कीर्तन 20 नवंबर की रात को गुरुद्वारा श्री मस्तुआणा साहिब में ठहरेगा और 21 नवंबर को सुबह 08 बजे पुलिस लाइन संगरूर, बरनाला कैंचियां, पूनिया टावर, नानकियाना चौक, यादविंद्रा ड्रीम्स होटल चौक, वेर्का मिल्क प्लांट, भवानीगढ़ कैंचियां, संगरूर से यू टर्न लेकर बलवाड़ कला, घराचों, भवानीगढ़, चन्नो जिला पटियाला, एसएएस नगर होते हुए 22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में समापन होगा।

गुरु साहिब जी के पवित्र दिवस को समर्पित इस नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगतें श्रद्धा भाव से भाग ले रही हैं। नगर कीर्तन के साथ चलने वाली संगत की सुविधा हेतु काफिले में एम्बुलेंस, डिजिटल म्यूजियम, लंगर व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध हैं।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर संगरूर श्री राहुल चाबा, डिप्टी कमिश्नर बरनाला श्री टी. बेनिथ, एसएसपी श्री सरताज सिंह चहल, एडीसी अमित बैंबी, सुखचैन सिंह, एसडीएम सुनाम प्रमोद सिंगला समेत बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।