5 Dariya News

रानी अहिल्याबाई का शासन रामराज्य का जीवंत स्वरूप था : रेखा गुप्ता

5 Dariya News

नई दिल्ली 19-Nov-2025

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को मंडी हाउस के पास कोपरनिकस मार्ग पर एलटीजी सभागार में लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की जन्म त्रिशताब्दी मनाई गई। इस दौरान प्रेरक नाट्य मंचन का भी आयोजन किया गया, जिसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुई।  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "एलटीजी सभागार में लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की जन्म त्रिशताब्दी के उपलक्ष्य में प्रस्तुत प्रेरक नाट्य मंचन देखना एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। 

रानी अहिल्याबाई का शासन रामराज्य का जीवंत स्वरूप था, जहां न्याय, करुणा, लोककल्याण और सांस्कृतिक उत्थान एक साथ प्रवाहित होते थे। काशी विश्वनाथ, केदारनाथ, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, मथुरा और हरिद्वार जैसे असंख्य तीर्थस्थलों के पुनर्निर्माण के माध्यम से उन्होंने भारत की आत्मा को पुनः जागृत किया।"उन्होंने आगे लिखा कि लोकमाता के नारी-सशक्तिकरण के मूल्यों को आज का भारत नई शक्ति, नए आत्मविश्वास और नए सम्मान के साथ आगे बढ़ा रहा है। 

दिल्ली सरकार का प्रयास है कि हमारी संस्कृति, हमारी भाषा, हमारा साहित्य और हमारा इतिहास पीढ़ियों को दिशा देने वाली जीवंत प्रेरक शक्ति बनकर आगे बढ़ें। हिन्दी अकादमी तथा कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग को हार्दिक बधाई, जिन्होंने इस नाट्य मंचन को संभव बनाया।दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर ने मंदिरों को लेकर जिस तरह से सिद्धांत रखा था, उसी दिशा में केंद्र सरकार भी काम कर रही है। 

अहिल्याबाई होल्कर ने मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया था। केंद्र की मोदी सरकार भी मंदिरों का निर्माण करा रही है। कपिल मिश्रा ने कहा, "भारत अब आत्मनिर्भर बन रहा है। महिला सशक्तिकरण पर काम किया जा रहा है। दिल्ली सरकार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में जनहित के काम कर रही है। प्रदेश की जनता को इसका सीधा लाभ मिल रहा है कि नहीं, इसको भी देखा जा रहा है। 

जहां किसी कारण से लाभ नहीं मिल पा रहा है, उसे दूर किया जा रहा है।" भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि मैं इस कार्यक्रम के लिए दिल्ली सरकार को धन्यवाद देती हूं, इस तरह के कार्यक्रम होने से आज के युवाओं को काफी सीख मिलने वाली है।