5 Dariya News

श्री आनंदपुर साहिब में गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को समर्पित भाजपा का भव्य कीर्तन दरबार

धर्म और मानवता की रक्षा के प्रतीक गुरु तेग बहादुर जी को कीर्तन दरबार में किया जाएगा नमन

5 Dariya News

श्री आनंदपुर साहिब 18-Nov-2025

भारतीय जनता पार्टी पंजाब की ओर से खालसा पंथ की जन्मस्थली श्री आनंदपुर साहिब में नौवीं पातशाही हिंद की चादर गुरु तेग बहादुर जी की लसानी शहादत को समर्पित भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन बुधवार को किया जा रहा है। यह कार्यक्रम गुरु साहिब द्वारा धर्म, देश और मानवता की रक्षा के लिए दिए गए अप्रतिम बलिदान को नमन करने हेतु समर्पित है।

जानकारी देते हुए भाजपा के प्रांतीय उपाध्यक्ष डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की 350 शताब्दी को पूरे देश में गहरी श्रद्धा, आस्था और भव्यता के साथ मनाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। इसी श्रृंखला में पंजाब भाजपा ने भी यह संकल्प लिया है कि गुरु साहिब के पवित्र बलिदान को हर शहर, ब्लॉक और कस्बे तक श्रद्धापूर्वक स्मरण कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रेरणादायी इतिहास से जुड़ सकें।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में आज 19 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में विशेष कीर्तन दरबार आयोजित होगा जिसमें हजूरी रागी जत्थे गुरु जी की वाणी तथा बलिदान पर आधारित इतिहास को मधुर संगीत में प्रस्तुत करेंगे।  कीर्तन दरबार शाम चार बजे तक चलेगा। इस पवित्र समागम में सभी श्रद्धालु  सादर आमंत्रित  हैं।

डा. शर्मा ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी की शहादत केवल सिख इतिहास ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए अद्वितीय मिसाल है, जिसने धर्म की स्वतंत्रता, मानवीय मूल्यों और सामाजिक सद्भाव की रक्षा का संदेश दिया। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि श्रद्धालु इस समागम में शामिल होकर गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाएं, उनका आशीर्वाद प्राप्त करें व राष्ट्र तथा समाज में धार्मिक स्वतंत्रता व सामाजिक समरसता को बनाए रखने का संकल्प दोहराएं