सरकारी अस्पतालों में दवा और चिकित्सा की समस्त सुविधाएं उपलब्ध : आरती सिंह राव
आरती सिंह राव ने कहा- धारूहेड़ा में सीएचसी को मिली मंजूरी, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
5 Dariya News
रेवाड़ी 13-Nov-2025
हरियाणा की स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि आज प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में दवा और चिकित्सा की संपूर्ण सुविधाएं नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही है। हरियाणा सरकार जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
रेवाड़ी जिला के कस्बा धारूहेड़ा में जल्द ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गुरुवार को रेवाड़ी जिला के क़स्बा धारूहेड़ा में कुछ स्थानों पर "चाय पर चर्चा" कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
स्वास्थ्य मंत्री ने रेवाड़ी जिला के गांव बगथला में ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर बावल से विधायक डा. कृष्ण कुमार मौजूद रहे। आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के सभी स्तरों पर आवश्यक संसाधनों का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को समान स्तर की चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रदेश के किसी भी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सा उपकरणों और मशीनों की कोई कमी न रहे। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यकता के अनुसार नए उपकरणों और आधुनिक मशीनों की खरीद कर स्थापित करवाई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा के स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों की कोई कमी नहीं है।
सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अधिक सुविधाओं के साथ और बेहतर बनाया जा रहा है। सरकार द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। धारूहेड़ा में भी नए सीएचसी की मंजूरी मिल गई है, जिसका जल्द निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाया जाएगा।
सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत कार्य कर रही है। स्वास्थ्य के साथ-साथ सरकार हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य करवा रही है। रेवाड़ी जिला में भी प्राथमिकता से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से बातचीत कर कुशलक्षेम भी जाना और उनके द्वारा रखी गई मांगों को जल्द पूरा करवाने का आश्वासन दिया।