5 Dariya News

ट्राइडेंट ग्रुप और पीजीटीआई ने संयुक्त रूप से उद्घाटन ‘ट्राइडेंट ओपन’ गोल्फ टूर्नामेंट की घोषणा की

पहले एडिशन का आगाज 11 नवंबर से, 9 नवंबर को प्रो-एम इवेंट में खेलेंगे गोल्फर्स

5 Dariya News

चंडीगढ़ 08-Nov-2025

राज्यसभा सांसद और देश के प्रमुख बिजनेसमैन श्री राजिंदर गुप्ता के शानदार शॉट के साथ ‘ट्राइडेंट ओपन’ का टी-ऑफ हो गया। इस इवेंट को ट्राइडेंट ग्रुप और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) संयुक्त रूप से आयोजित कर रहे हैं। ‘ट्राइडेंट ओपन’ का पहला राउंड 11 नवंबर को खेला जाएगा और पहले एडिशन का विजेता 14 नवंबर को मिलेगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की इनामी राशि 1 करोड़ रुपये रखी गई है।

टाइटल स्पॉन्सर ट्राइडेंट ग्रुप के सहयोग से आयोजित किए जा रहे टूर्नामेंट में कुल 126 गोल्फर्स (123 प्रोफेशनल और 3 एमेच्योर) के बीच खेला जाएगा। प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों में पीजीटीआई रैंकिंग लीडर युवराज संधू, अर्जुन प्रसाद, शौर्य भट्टाचार्य, अंगद चीमा, ओम प्रकाश चौहान और मनु गांदास शामिल हैं। युवराज और अर्जुन चीमा चंडीगढ़ के ही रहने वाले हैं। उन्होंने श्री राजिंदर गुप्ता के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि काफी समय से वे होम कोर्स पर नहीं खेले थे, उन्हें घर वापिस लाने के लिए राजिंदर गुप्ता जी का शुक्रिया किया। उन्हीं के प्रयासों से शहर में फिर गोल्फ का बड़ा इवेंट लौटा है।

दोनों के अलावा ट्राईसिटी से जयराज सिंह संधू, अक्षय शर्मा, अभिजीत सिंह चड्ढा, बृजेश कुमार, रौनिल कूकर, उमेद कुमार (पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट चैम्पियन) समेत कई खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। विदेशी खिलाड़ियों में श्रीलंका के एन थंगराजा और के प्रभागरण, बांग्लादेश के जमाल हुसैन, मोहम्मद सिद्दीकुर रहमान, अमेरिका, नेपाल, इटली और युगांडा के खिलाड़ी शामिल होंगे।ट्राइडेंट ग्रुप के इस शानदार इवेंट में 21 वर्षीय शुभम जगलान भी खेलेंगे। ये उनका पीजीटीआई में डेब्यू कराएगा। वे इससे पहले भारत के जूनियर नंबर-1 रह चुके हैं और हाल ही में अमेरिका में कॉलेज गोल्फ खेल रहे हैं।

पद्मश्री राजिंदर गुप्ता, राज्यसभा सांसद और ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन एमेरिटस ने कहा, “हमें यह घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है कि ट्राइडेंट ग्रुप प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) के साथ मिलकर पहले ‘ट्राइडेंट ओपन गोल्फ चैम्पियनशिप’ का आयोजन कर रहा है। यह आयोजन कपिल देव जी के सम्मानित नेतृत्व में होगा — जो न सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतीक हैं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक भी हैं। यह पहल ट्राइडेंट की खेलों के उत्थान और हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। 

ट्राइडेंट ओपन गोल्फ चैम्पियनशिप हमारे खेलों के प्रोत्साहन और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। गोल्फ केवल खेल नहीं बल्कि अनुशासन, रणनीति और जुड़ाव का प्रतीक है, जो ट्राइडेंट के मूल मूल्यों से मेल खाता है। हमें विशेष गर्व है कि यह प्रतिष्ठित आयोजन चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में हो रहा है, जिसे प्यार से ‘भारतीय गोल्फ की नर्सरी’ कहा जाता है — एक ऐसा स्थल जिसने देश को कई ऐसे चैम्पियंस दिए हैं जिन्होंने भारत का नाम रोशन किया है।”

पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जोहल ने कहा कि में भी इसी शहर से हूं और ट्राइडेंट ग्रुप की वजह से मुझे लौटने का मौका मिला है। राजिंदर गुप्ता हमेशा खेल को प्यार करते हैं और हमेशा इसे प्रमोट करने का प्रयास करते हैं। ट्राइडेंट ग्रुप के साथ मिलकर ट्राइडेंट ओपन की घोषणा करना गर्व की बात है। यह साझेदारी भारतीय गोल्फ के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों के अवसरों को विस्तारित करेगी। चंडीगढ़ गोल्फ क्लब जैसे प्रतिष्ठित स्थल पर पहला संस्करण आयोजित होना गौरव की बात है।

चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के अध्यक्ष रविबीर सिंह ने कहा कि हमारे लिए यह गर्व का विषय है कि क्लब पहले ट्राइडेंट ओपन की मेजबानी कर रहा है। यह टूर्नामेंट ट्राईसिटी के गोल्फ प्रेमियों को उच्चस्तरीय खेल देखने का अवसर देगा। हमें यकीन है कि ट्राइडेंट और गोल्फ की साझेदारी लंबे समय तक बनी रहगी। चंडीगढ़ गोल्फ क्लब का 7,202 यार्ड लंबा, 18-होल, पार-72 कोर्स अपने पेड़ों से घिरे तंग फेयरवे और चुनौतीपूर्ण लेआउट के लिए जाना जाता है। देश-विदेश के टॉप गोल्फर्स को इसमें खेलने का एक शानदार अनुभव मिलेगा और सभी ट्राइडेंट ओपन की चमचमाती ट्रॉफी को हासिल करने के लिए जोर लगाएंगे।