मोहाली पुलिस ने अपहृत पत्रकार को 12 घंटे के भीतर सकुशल मुक्त कराया, 1 आरोपी गिरफ्तार
5 Dariya News
साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर 06-Nov-2025
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला एसएएस नगर, हरमनदीप सिंह हांस आईपीएस ने आज प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि श्री गौरव यादव, आईपीएस, पुलिस महानिदेशक, पंजाब और श्री नानक सिंह, आईपीएस, पुलिस उप महानिरीक्षक, रोपड़ के निर्देशों के अनुसार, मोहाली पुलिस ने हमदर्द चैनल के पत्रकार गुरप्यार सिंह को 04-11-2025 को शाम लगभग 07:00 बजे नवां गाँव स्थित उनके कार्यालय से निहंग वेश में 03 अज्ञात आरोपियों द्वारा अपहरण किए जाने की घटना के 12 घंटे के भीतर सकुशल मुक्त करवा, 1 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आज यहां मीडिया को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अपहरण की सूचना मिलते ही तथा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीमें गठित कर मामले का पता लगाने व गुरप्यार सिंह को सकुशल वापिस लाने के लिए भेज दी गई थीं। एसएसपी ने बताया कि दिनांक 04-11-2025 को मनप्रीत कौर पुत्री गुरसेवक सिंह निवासी मकरौर साहिब, थाना मूनक, जिला संगरूर के बयानों के आधार पर थाना नवां गांव में 03 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 140(3) के तहत मुकदमा संख्या 122 दिनांक 04-11-2025 दर्ज किया गया था, जिसमें बताया गया था कि उसका भाई गुरप्यार सिंह हमदर्द मीडिया टीवी न्यूज चैनल, कोठी नंबर 34डी, शिवालिक विहार में न्यूज एंकर एवं प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत है।
लगभग 02 वर्ष पूर्व उन्होंने रवि सरूप के कहने पर गांव धमधान साहिब से 28 कनाल 5 मरला जमीन खरीदी थी। हमें बकाया राशि 12 लाख रुपए देनी थी, जो रवि सरूप के कहने पर डीलरों देवराज, मदन सिंह व भोला सिंह को दे दी गई, परन्तु उक्त डीलरों ने रवि सरूप को यह राशि देने से मना कर दिया। जिस संबंधी हमने मूनक थाने में दरख्वास्त दर्ज करवाई थी। फिर भी हमें पैसे मिलने की उम्मीद न होने के कारण मेरी माता जसवीर कौर के कहने पर हमने हरदीप सिंह अकाली, जस्सा सिंह व एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की मदद ली।
जिन्होंने हमारे गांव में आकर उक्त डीलरों से राजीनामा करवा लिया था। उक्त निहंगों ने उक्त राजीनामा के बदले हमसे पैसे मांगने शुरू कर दिए। दिनांक 04-11-2025 को वह अपने भाई के पास आए हुए थे, अतः समय लगभग 05:10 शाम का रहा होगा जब उसके भाई गुरप्यार सिंह को उसके कार्यालय से बाहर बुलाया गया और निहंग वेश में 03 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक रिट्ज कार में जबरन अपहरण कर लिया गया।
गंभीर अपराध के कारण उक्त मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने और अपहृत गुरप्यार सिंह को रिहा करने के लिए, श्री गौरव यादव आईपीएस, पुलिस महानिदेशक, पंजाब, के निर्देशानुसार, श्री दिलप्रीत सिंह, आईपीएस पुलिस अधीक्षक, मोहाली सिटी, श्री सौरव जिंदल पी पी एस पुलिस अधीक्षक (जांच), श्री पृथ्वी सिंह चहल पी पी एस, उप पुलिस अधीक्षक सिटी-1 मोहाली और श्री राजन परमिंदर पीपीएस, उप पुलिस अधीक्षक (जांच) की देखरेख में इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह इंचार्ज, सीआईए स्टाफ व इंस्पेक्टर सतनाम सिंह, मुख्य अधिकारी, पुलिस स्टेशन नवां गाँव द्वारा टीमें गठित की गईं, जिन्होंने एजीटीएफ, फरीदकोट, बठिंडा व चंडीगढ़ पुलिस की सहायता से तकनीकी व मानव संसाधन की सहायता से तलाश कर अपहृत गुरप्यार सिंह को 12 घंटे के भीतर आरोपियों से मुक्त करा लिया तथा 01 अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है, उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरोपियों का नाम व पता:
1. बलकरन जीत सिंह, पुत्र अवतार सिंह, निवासी गाँव रेखे कलां, तहसील व जिला बठिंडा, उम्र लगभग 45 वर्ष, जो 10वीं कक्षा पास है तथा अविवाहित है। आरोपी को कोटकपूरा से गिरफ्तार किया गया।
2. हरदीप सिंह (गिरफ्तारी लंबित)
3. जसकरन सिंह (गिरफ्तारी लंबित)
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ का विवरण:
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने प्रॉपर्टी डीलरों से चल रहे प्रॉपर्टी संबंधी विवाद के एवज में गुरप्यार सिंह से राजीनामा करवाने के लिए पैसों की मांग की थी, लेकिन आरोपियों द्वारा करवाए गए राजीनामा के चेक क्लियर न होने के कारण गुरप्यार और उसके परिवार ने आरोपियों को कोई पैसा नहीं दिया, जिसके चलते उन्होंने उपरोक्त घटना को अंजाम दिया।