जसवीर सिंह सेखों द्वारा संगरूर जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में आर.ओ. लगाने के निर्देश
आंगनवाड़ी केंद्रों में बनाए जाएंगे हर्बल गार्डन : सदस्य, पंजाब राज्य खाद्य आयोग
5 Dariya News
संगरूर 28-Oct-2025
पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य जसवीर सिंह सेखों ने आज संगरूर जिले के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए निर्देश दिए कि जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में पीने के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने हेतु आर.ओ. लगाना सुनिश्चित किया जाए। वे आज जिला प्रशासनिक परिसर में राशन वितरण प्रक्रिया, मिड डे मील योजना, आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित किए जा रहे सामान तथा भोजन के भंडारण प्रणाली संबंधी अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।
बैठक के दौरान, जिले के सभी सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में लगे आर.ओ. का टी.डी.एस. जांचने, खराब आर.ओ. की मरम्मत कराने और सभी केंद्रों में आर.ओ. लगाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि मिड डे मील और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से दिए जा रहे भोजन और सामग्री की निरंतर जांच की जाए और सख्त शब्दों में कहा कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और डी.एफ.एस.सी. को निर्देश दिए गए हैं कि जिले के सभी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और राशन डिपो के बाहर पंजाब राज्य खाद्य आयोग की हेल्पलाइन संख्या और संपर्क विवरण स्पष्ट रूप से लिखे जाएं ताकि लोग अपनी शिकायतें सीधे आयोग तक पहुंचा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में स्मार्ट राशन कार्ड की ई-के.वाई.सी. सुनिश्चित करने के साथ नए राशन कार्ड बनाए जाएं ताकि जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
जसवीर सिंह सेखों ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन आंगनवाड़ी केंद्रों में जगह उपलब्ध है, वहां हर्बल गार्डन विकसित किए जाएं। उन्होंने कहा कि इसके साथ बच्चों को हर्बल सामग्रियों के महत्व के बारे में जागरूक भी किया जाए। पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य ने सरकारी प्राथमिक स्कूल, अनाज मंडी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा किया, वहां विकसित न्यूट्री गार्डन का निरीक्षण किया और स्कूल में बनाए जा रहे मिड डे मील की जांच कर संतोष व्यक्त किया।
इसके बाद उन्होंने मंगवाल स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा कर माताओं से वहां प्रदान की जा रही सेवाओं के संबंध में बातचीत की। तत्पश्चात उन्होंने सरकारी गर्ल्स स्कूल संगरूर का दौरा कर मिड डे मील की जांच की। इस अवसर पर उन्होंने निर्देश दिए कि मिड डे मील तैयार करने वाले रसोइए सिर ढककर तथा हाथ धोकर भोजन तैयार करें और उनकी चिकित्सकीय जांच अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी मीटिंगें और मौके पर जांच भविष्य में भी निरंतर की जाती रहेंगी ताकि किसी भी स्तर पर अधिनियम का उल्लंघन न हो।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) सुखचैन सिंह, डी.एफ.एस.सी.सी. गुरप्रीत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी रतिंदर कौर, शिक्षा विभाग से मनजीत कौर और बलजिंदर सिंह, सी.डी.पी.ओ. नेहा सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सीमा रानी सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।