राजौरी से नागरिक समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जावेद अहमद राणा से मुलाकात की
5 Dariya News
श्रीनगर 22-Oct-2025
राजौरी जिले के नागरिक समाज के सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जल शक्ति, वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण और जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा से श्रीनगर स्थित नागरिक सचिवालय में मुलाकात की और जिले से संबंधित सार्वजनिक महत्व के प्रमुख मुद्दों को उठाया।
बैठक के दौरान जावेद राणा ने जन-संबंधित शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुना और उचित सरकारी माध्यमों से समयबद्ध समाधान का आष्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार जनता की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील और सुलभ है तथा हमारी प्राथमिकता शासन को आम जनता के दरवाजे तक पहुँचाना है।
राजौरी के नागरिक समाज ने विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़क अवसंरचना और सेवा वितरण से संबंधित मुद्दे उठाए। सदस्यों ने राजौरी के गुज्जर मंडी में मातृ एवं शिशु अस्पताल को शीघ्र चालू करने की मांग की तथा निवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की आवश्यकता को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि अस्पताल का संचालन आरंभ होना महिलाओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल ने राजौरी-थन्ना सड़क की खराब स्थिति पर भी चिंता जताई और बताया कि सड़क की ब्लैकटॉपिंग समय के साथ काफी बिगड़ चुकी है, जिससे यात्रियों को प्रतिदिन भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने सड़क के उन्नयन के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग की ताकि आम जनता को सुगम और सुरक्षित आवागमन मिल सके। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आष्वस्त किया कि सरकार इन मुद्दों से पूरी तरह अवगत है और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
मंत्री ने राजौरी के उपायुक्त से भी इन मामलों पर शीघ्र ध्यान देने के लिए बात की। मंत्री राणा ने जिले में बेहतर सुविधाओं और सुदृढ़ अवसंरचना उपलब्ध कराने का आष्वासन देते हुए सरकार की जनकल्याण और विकास पहलों के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया।