डॉ. बलबीर सिंह द्वारा हल्का घनौर के बाढ़ प्रभावित तीन गांवों के 232 लाभार्थियों को 88 लाख रुपये की मुआवज़ा राशि प्रदान
कहा, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपना वादा निभाया और केवल 30 दिनों में सर्वाधिक मुआवज़ा देकर इतिहास रच दिया
5 Dariya News
घनौर 15-Oct-2025
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार को दुखद परिस्थितियों में बाढ़ प्रभावित पंजाब के साथ कोई भेदभाव नहीं करना चाहिए। आज वे घनौर में विधायक गुरलाल घनौर तथा डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव के साथ हल्के के गाँव समशपुर, शेखपुर दाख़िली लोहसिंबली व समशपुर के बाढ़ से प्रभावित 232 किसानों को कुल 88 लाख रुपये की मुआवज़ा राशि वितरित करने पहुँचे थे।
इस अवसर पर डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि राज्य में आई बाढ़ हमारी कल्पना से भी अधिक विनाशकारी रही है और यह इस सदी की सबसे बड़ी आपदा थी। इसके बावजूद, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बाढ़ पीड़ितों को 30 दिनों के भीतर तथा दीपावली से पूर्व मुआवज़ा चेक वितरित कर यह प्रमाणित किया है कि सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार ने 'जिसका खेत, उसकी रेत' नीती को अपनाया है।
गेहूं के निःशुल्क बीज एवं स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रभावित गांवों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं तथा पशुओं के लिए विशेष टीकाकरण अभियान भी चलाया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह अत्यंत दुःखद है कि इस संकट से राज्य को उबारने के स्थान पर केंद्र सरकार जानबूझकर पंजाब की मांगों को टाल रही है।
राज्य सरकार ने केंद्र से प्रति एकड़ 50,000 रुपये मुआवज़ा राशि देने का अनुरोध किया था, किंतु अभी तक उत्तर नहीं मिला। फिर भी पंजाब सरकार 20,000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजे में से 15,000 रुपये स्वयं वहन कर रही है। पूर्णतः ध्वस्त हुए घरों के लिए 1,20,000 रुपये तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए 40,000 रुपये दिए जा रहे हैं, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों के समय यह राशि मात्र 6,500 रुपये थी।
डॉ. बलबीर सिंह ने आगे कहा कि आगामी वर्षा से पूर्व उन समस्त नदियों और दरियाओं को गहरा एवं चौड़ा किया जाएगा, जिनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा एवं चंडीगढ़ से आने वाला पानी बाढ़ का कारण बनता है — यथा सतलुज, ब्यास, घग्गर, टांगरी व मार्कंडा। उन्होंने बताया कि केवल पटियाला ज़िले में ही इस बाढ़ के कारण लगभग 141 गांवों की 19,000 एकड़ से अधिक भूमि पर फसलें बर्बाद हो गयी हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाबी सदा से अपने परिश्रमी स्वभाव के लिए प्रसिद्ध हैं; अतः यह संकट गंभीर होते हुए भी हमारी हिम्मत उससे अधिक थी और पंजाबियों ने विपत्ति में भी कभी हौसला नहीं खोया। बाढ़ पीड़ितों की सहायता हेतु आरंभ किये गये ‘मिशन चढ़दी कला’ में विश्वभर के समाजसेवी आगे आकर ‘रंगला पंजाब’ पोर्टल के माध्यम से योगदान दे रहे हैं।
हल्का विधायक गुरलाल घनौर ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहली बार है जब किसानों को प्रति एकड़ 20,000 रुपये दिए गये हैं, जो कि देश में सर्वाधिक है। गुरलाल घनौर ने बताया कि गांव सौंटा के किसानों को 13.80 लाख रुपये, शेखपुर दाख़िली लोहसिंबली के किसानों को 13.72 लाख रुपये एवं समशपुर के किसानों को 60 लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की गई है।
इस अवसर पर एसडीएम अविकेश गुप्ता, तहसीलदार प्रदीप कुमार सहित गावों के निवासी भी उपस्थित थे।