5 Dariya News

जाविद अहमद डार ने खनाबल में किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का उद्घाटन किया

5 Dariya News

अनंतनाग 13-Oct-2025

कृषि उत्पादन एवं किसान कल्याण विभाग, जिला अनंतनाग ने एसएमएई-एटीएमए 2025-26 योजना के अंतर्गत डाक बंगला, खनाबल, अनंतनाग में किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि उत्पादन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और पंचायती राज, सहकारिता एवं चुनाव विभाग के मंत्री जाविद अहमद डार ने किया।

मंत्री ने किसानों के दरवाजे तक आधुनिक तकनीकी उपकरण पहुँचाने के लिए किसान मेलों और प्रदर्शनियों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विभाग की योजनाओं को उजागर करते हुए बताया कि ऐसे कार्यक्रम पूरे जिले तथा जम्मू-कश्मीर में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को कृषि, बागवानी और संबद्ध क्षेत्रों में नवीनतम तकनीकों से अवगत कराना था, जिससे उत्पादन में वृद्धि हो सके।

जावेद डार ने किसानों को कृषि उपकरण खरीदने पर दी जाने वाली सब्सिडी का उल्लेख किया, जिसमें विभिन्न योजनाओं के तहत 50 प्रतिषत से अधिक सब्सिडी प्रदान की जाती है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि कृषि क्षेत्र मानवता के लिए एक समृद्ध क्षेत्र है, जिसमें वृद्धि, रोजगार और सतत आजीविका के लिए व्यापक अवसर हैं। 

उन्होंने सरकार की कृषि को प्राथमिकता देने और किसानों को उत्पादन, आय एवं समग्र कल्याण को बढ़ाने के लिए समर्थन देने की प्रतिबद्धता दोहराई। मंत्री ने मछली पालन, तिलहन, फलों एवं सब्जियों, साथ ही मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन और पुष्पकृषि जैसी संबद्ध गतिविधियों की क्षेत्रीय संभावनाओं का उल्लेख किया, जो किसानों को आय बढ़ाने और सतत जीवनयापन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक अवसर प्रदान करती हैं।

बागवानी, मत्स्य पालन, पशुपालन, भेड़ पालन, सहकारिता, श्रम एवं रोजगार सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और सेवाओं को दर्शाने वाले सूचनात्मक स्टॉल लगाए। मंत्री डार ने प्रत्येक स्टॉल का निरीक्षण किया और किसानों को शिक्षित एवं प्रेरित करने के प्रयासों की सराहना की।

वेरिनाग के विधायक गुलाम अहमद मीर, पहलगाम के विधायक अल्ताफ अहमद कालू, बिजबिहाड़ा के विधायक बशीर अहमद शाह वीरी, अनंतनाग पूर्व के विधायक रियाज़ अहमद खान, पश्चिम के विधायक अब्दुल मजीद भट्ट ने कार्यक्रम में भाग लिया। कृषि निदेशक कश्मीर, सर्ताज अहमद शाह और अन्य जिला अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।