मनोज सिन्हा ने श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद की 36वीं बैठक की अध्यक्षता की
5 Dariya News
जम्मू 13-Oct-2025
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राजभवन में श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद की 36वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उपकुलपति एसएमवीडीयू प्रो. (डॉ.) प्रगति कुमार, उपकुलपति जम्मू विश्वविद्यालय प्रो. उमेश राय, उपकुलपति कश्मीर विश्वविद्यालय प्रो. निलोफर खान, उपकुलपति एवं अध्यक्ष, प्रबंधन मंडल, अहमदाबाद विश्वविद्यालय प्रो. पंकज चन्द्रा, निदेशक राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान अमेठी प्रो. ए.एस.के. सिन्हा, निदेशक आईआईटी जम्मू प्रो. मनोज सिंह गौर, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. मन्दीप के. भंडारी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसएमवीडीएसबी सचिन कुमार वैश्य, कुलसचिव एसएमवीडीयू श्री अजय कुमार शर्मा तथा कार्यकारी परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
कार्यकारी परिषद ने कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की और बैठक के दौरान प्रस्तुत विभिन्न एजेंडा बिंदुओं को सिद्धांततः स्वीकृति प्रदान की। उपराज्यपाल ने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को पूरा करने तथा एसएमवीडीयू को राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख शैक्षिक संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए पाठ्यक्रम का नियमित अद्यतन करने हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण पहलों और कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने आजीवन शिक्षण कौशल और सामुदायिक भागीदारी, प्रवेश में वृद्धि, उद्योग सहयोग और नेटवर्किंग, अल्पकालिक पाठ्यक्रमों के माध्यम से कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार और इनक्यूबेशन, पेटेंट, संकाय और कर्मचारियों के सुदृढ़ीकरण तथा आगामी शैक्षणिक सत्र से नए कार्यक्रमों की शुरुआत पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
उपराज्यपाल ने विष्वविद्यालय को हिंदी, डोगरी, फ्रेंच और जर्मन भाषाओं में एकीकृत पाठ्यक्रम प्रदान करने हेतु भाषाओं के लिए एक विशेष संकाय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विदेशी भाषाओं और तकनीकी पाठ्यक्रमों में नामांकित छात्रों को हिंदी और डोगरी भाषाएँ भी सीखने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
उन्होंने एसएमवीडीयू को विश्वविद्यालय के सभी अभिलेखों के पूर्ण डिजिटलीकरण को लागू करने का भी निर्देश दिया। बैठक में विश्वविद्यालय की चल रही परियोजनाओं और निर्माण कार्यों, एनईपी-2020 के कार्यान्वयन, प्रवेश, भर्ती, संकाय कैरियर संवर्धन, गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए गैर-कार्यात्मक पदोन्नति, छात्र जीवन चक्र प्रबंधन प्रक्रिया के संपूर्ण डिजिटलीकरण तथा ई-समर्थ डैशबोर्ड के उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा भी की गई।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि विश्वविद्यालय को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज द्वारा उनके कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम के अंतर्गत तीन वर्षों की अवधि के लिए ‘टीसीएस प्रायरिटी कॉलेज’ के रूप में नामित किया गया है। उपकुलपति श्री माता वैष्णो देवी विष्वविद्यालय प्रो. (डॉ.) प्रगति कुमार ने कार्यकारी परिषद के समक्ष स्वीकृति और अनुमोदन के लिए विभिन्न एजेंडा बिंदू प्रस्तुत किये।