5 Dariya News

जनता की जरूरतों को पूरा करने के लिए बजट की कोई कमी नहीं होगी : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

5 Dariya News

रायगढ़ 11-Oct-2025

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक के झगरपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने कोलता समाज द्वारा नव-निर्मित रामचंडी मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समाज के लोगों से आशीर्वाद प्राप्त किया और धर्म व संस्कृति के संरक्षण में समाज के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोलता समाज की यह आस्था और संगठन शक्ति छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत की पहचान है।

मंदिर परिसर में आयोजित आमसभा में मुख्यमंत्री ने लैलूंगा क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। इस दौरान उनके साथ वित्त मंत्री ओपी. चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लैलूंगा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता में शामिल है और जनता की जरूरतों को पूरा करने के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मंच से करोड़ों रुपए की सौगातें दीं, जिनमें कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएं शामिल हैं।सीएम विष्णुदेव साय की तरफ से की गई घोषणाओं में झगरपुर में 25 लाख रुपए से सामुदायिक भवन निर्माण, 25 लाख रुपए से लैलूंगा में कोलता समाज हेतु सामुदायिक भवन निर्माण, 50 करोड़ रुपए के बजट से कुंजारा–तोलगे–मिलूपारा मार्ग निर्माण, 2.5 करोड़ रुपए की लागत से वार्ड नंबर 5 पटेलपारा नदी पर स्टॉप डेम कम कॉजवे निर्माण और 10 करोड़ रुपए की लागत से लैलूंगा–कुंजारा से गमेकेला के बीच खारुन नदी पर पुलिया निर्माण शामिल हैं।

इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कटघोरा के दौरे पर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। मेला मैदान स्थित हेलीपेड पर समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनका अभिनंदन किया।मुख्यमंत्री साय ने सबसे पहले कसनिया में जायसवाल समाज द्वारा प्रस्तावित भगवान सहस्त्रबाहु चौक का भूमि पूजन किया। इसके बाद वे रामपुर पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी के पास स्थित स्वतंत्रता सेनानी वीर शहीद सीताराम कवर चौक एवं मूर्ति का अनावरण किया।

दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री महेशपुर पहुंचे और कवर समाज द्वारा आयोजित विशाल सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कवर समाज को भवन व मूर्ति निर्माण के लिए 1 करोड़ 10 लाख रुपए तथा जायसवाल समाज को मूर्ति और स्वागत द्वार निर्माण के लिए 35 लाख रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने कहा, “एक समय था जब दोनों समाजों के बीच मतभेद की स्थिति थी, लेकिन आज उन्होंने आपसी एकता और सौहार्द का सुंदर उदाहरण पेश किया है।” उन्होंने इस एकजुटता के लिए दोनों समाजों को शुभकामनाएं दीं।