सीजीसी लांडरां के सीसीटी ने ट्रैफिक नियमों और सुरक्षा जागरूकता पर सेमिनार का आयोजन किया
5 Dariya News
लांडरां 10-Oct-2025
सीजीसी लांडरां के चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी (सीसीटी) के बायोटेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट ने स्टूडेंट्स के लिए ट्रैफिक नियमों और सुरक्षा जागरूकता पर एक सेमिनार का आयोजन किया। इसका उद्देश्य स्टूडेंट्स को सड़क सुरक्षा, पैदल यात्री अनुशासन और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करना था।
चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस की एक समर्पित टीम जिस में, हेड कांस्टेबल जग रूप सिंह, हेड कांस्टेबल अल्केश, सीनियर कांस्टेबल राजीव, कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल प्रशांत शर्मा ने इस सेमिनार का संचालन किया और स्टूडेंट्स को जागरूक किया। इस पहल के बारे में बात करते हुए, डॉ. पलकी साहिब कौर, डायरेक्टर प्रिंसिपल, सीसीटी, सीजीसी लांडरां ने कहा, “सड़क सुरक्षा सिर्फ नियमों का पालन करना नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन के प्रति सम्मान और जिम्मेदार नागरिक होने का प्रतीक भी है।
ऐसे जागरूकता सेमिनार युवाओं को यह समझने में मदद करते हैं कि सोसाइटी को सभी के लिए सुरक्षित बनाने में उनकी क्या भूमिका है।” इस सेमिनार में प्रेजेंटेशन, जागरूकता वीडियो और प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन शामिल थे, जिनमें हेलमेट, सीटबेल्ट, लेन अनुशासन, पैदल यात्रियों की सुरक्षा, ज़ेब्रा क्रॉसिंग के महत्व के साथ-साथ ओवरस्पीडिंग, नशे में ड्राइविंग और लापरवाह व्यवहार से जुड़े खतरों पर प्रकाश डाला गया।
इसके अलावा, गुड समैरिटन्स (सड़क हादसों में मदद करने वाले लोगों) की भूमिका और उनकी कानूनी सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। अंत में, स्टूडेंट्स और फैकल्टी मेंबर्स ने ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सुरक्षित सड़कों के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली।