5 Dariya News

नमो यूथ मैराथन में कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने दौड़ लगाकर युवाओं का बढ़ाया हौसला

मैराथन में हजारों युवाओं ने भागीदारी कर नशे को खत्म करने का लिया संकल्प

5 Dariya News

बरवाला (हिसार) 28-Sep-2025

हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने नमो यूथ मैराथन-2025 के तहत बरवाला (हिसार) में हजारों युवाओं के साथ दौड़ लगाकर देश प्रेम और अनुशासन का संदेश दिया और नशे को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया। इस दौरान मंत्री ने मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं की हौसला अफजाई के लिए खुद भी उनके साथ दौड़ लगाई। मैराथन में हजारों की संख्या में क्षेत्र के नागरिकों विशेषकर युवाओं ने हिस्सा लिया।

कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने बरवाला में नमो यूथ मैराथन के दौरान युवाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने फिट इंडिया मूवमेंट, राहगिरी, साइक्लोथॉन, मैराथन तथा धाकड़ जैसे अनूठे कार्यक्रम शुरू करके नशे पर कड़ा प्रहार किया है।उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने युवाओं के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश भर में 2700 से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित किए हैं। 

इन कार्यक्रमों में लाखों लोगों ने भागीदारी की है। नशे को जड़ से खत्म करने के लिए जिला, रेंज और राज्य स्तर पर एंटी नारकोटिक्स सेल गठित किए गए हैं। प्रदेश में 162 नशा मुक्ति केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी नशा मुक्ति वार्ड स्थापित किए गए हैं, इसके अलावा, 13 जिलों के नागरिक अस्पतालों में नशा मुक्ति केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन सभी प्रयासों के फलस्वरूप अभी तक 3350 गांव और शहरों के 876 वार्ड को नशा मुक्त घोषित किया गया है।