प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छ भारत’ से देश के कोने-कोने में जगाई ‘स्वच्छता’ की अलख : कृष्ण लाल पंवार
5 Dariya News
पलवल 27-Sep-2025
हरियाणा के पंचायत एवं विकास तथा खनन एवं भूविज्ञान मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि स्वच्छता किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2014 को पूरे देश में ‘स्वच्छ भारत’ अभियान की शुरुआत की थी और इसके सफल कार्यान्वयन हेतु भारत के सभी नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की थी।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छ भारत’ अभियान को जन आंदोलन का रूप देते हुए देश के कोने-कोने में ‘स्वच्छता’ की अलख जगाने का काम किया। पंचायत एवं विकास मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार शनिवार को पलवल के पृथला खंड के गांव गदपुरी के लोटस गार्डन में ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ करने उपरांत संबोधित कर रहे।
पंचायत एवं विकास मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के सभी 22 जिलों में से प्रथम स्थान पर रहने वाले 22 गांवों के सरपंचों को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया है। उन्होंने अन्य सरपंचों से भी इनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेशभर के 750 गांवों में इस कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस अवसर पर उपस्थित सभी को स्वच्छता और साफ सफाई का संकल्प भी दिलाया गया।
*सभी मिलकर हरियाणा को स्वच्छता में बनाएंगे नंबर वन : विकास एवं पंचायत मंत्री*
विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हम सभी को मिलकर हरियाणा प्रदेश को स्वच्छता के मामले में नंबर वन बनाना है और यह सभी के सामूहिक सहयोग और भागीदारी से संभव होगा। जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे वेस्ट से बेस्ट को बढ़ावा दें और कचरे का प्रयोग विभिन्न कार्यों में करें।
उन्होंने कहा कि सरकार गौशालाओं के गोबर का इस्तेमाल प्लांट के जरिए गैस बनाने के लिए करने जा रही है। जिसके लिए सौ से अधिक गौशालाओं के नाम भेजे गए हैं।मंत्री ने इस दौरान सफाई कर्मचारी मित्रों को पूरा मान-सम्मान और आदर देने तथा इनके साथ विनम्र व्यवहार करने की भी बात कहीं, साथ ही कहा कि सरकार सफाई मित्रों के कल्याण एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
*सजरा में आने वाले 3 और 4 क्रम के रास्तों को किया जाएगा पक्का : श्री कृष्ण लाल पंवार*
विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्राम स्वराज की अवधारणा को मूर्त रूप देने की दिशा में निरंतर कदम बढ़ा रही है। गांवों के विकास में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। विभाग की ओर से प्रथम चरण के तहत सिल्ट से भरे हुए 2200 तालाबों का सुधारीकरण और सौंदर्यकरण करते हुए उन्हें भव्य पार्क का रूप दिया जाएगा।
यदि ग्राम पंचायत बिल्डिंग उपलब्ध कराए तो सरकार की ओर से गांवों में महिला संस्कृति केंद्र, ई-लाइब्रेरी और इंडौर जिम खोली जाएंगी। इसके अलावा गांवों की फिरनी को पक्का किया जाएगा और गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। जिन गांवों में ग्राम सचिवालय नहीं है उन गांवों के सरपंचों के खाते में 25 लाख रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी।
प्रदेश का कोई भी ऐसा गांव नहीं होगा जहां ग्राम सचिवालय नहीं होगा। सजरा में आने वाले 3 और 4 क्रम के रास्तों को पक्का किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों को सभी पैमानों पर खरा उतरना चाहिए और आपसी तालमेल से काम करना चाहिए। उन्होंने इस दौरान सरपंचों की शिकायतें और समस्याएं भी सुनीं और उनका समाधान करवाने का आह्वान दिया।
*सरकार ‘वोकल फॉर लोकल’ को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत : कृष्ण लाल पंवार*
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने ने कहा कि भारत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘वोकल फॉर लोकल’ को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के मूल में यही विचार है कि यदि देश के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा तो छोटे-छोटे उद्यमियों का विकास होगा और धीरे-धीरे उनके उत्पाद वैश्विक बनते जाएंगे, जिससे ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा।
मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने इस अवसर पर "बदलाव हमसे शुरू होता है’ और ‘खाद की कहानी गांव की जुबानी’ पुस्तकों का विमोचन भी किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया ओर स्वदेशी बनाने और स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने इसके उपरांत एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक श्री राहुल नरवाल, उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक श्री वरूण सिंगला, एडीसी श्री जयदीप कुमार भी मौजूद थे।