मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर की युवा शक्ति की सराहना की, उनसे बदलाव का उत्प्रेरक बनने का आह्वान किया
एक विकसित भारत के निर्माण की जिम्मेदारी न केवल कैनवास पर, बल्कि वास्तविकता में भी युवाओं के हाथों में है : मनोज सिन्हा
5 Dariya News
जम्मू 30-Sep-2025
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जम्मू में ‘विकसित भारत के रंग-कला के संग‘ के समापन समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान, उपराज्यपाल ने स्कूल और कॉलेज के छात्रों को संबोधित किया। इस जीवंत कला कार्यशाला का आयोजन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र और जम्मू संभागीय प्रशासन द्वारा किया गया था।
उपराज्यपाल ने अपने संबोधन की शुरुआत जम्मू-कश्मीर की युवा शक्ति की सराहना करते हुए की और उनसे बदलाव का उत्प्रेरक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अनूठा और विशेष है और युवाओं को अपने सपनों के विकसित भारत की कल्पना करने और उसे साकार करने का अवसर प्रदान करता है।
उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘न केवल कैनवास पर, बल्कि वास्तविकता में भी एक विकसित भारत बनाने की जिम्मेदारी उनके हाथों में है।‘‘ उपराज्यपाल ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, हम युवाओं की क्षमता का दोहन करने और उन्हें अपनी पूरी क्षमता हासिल करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
‘‘सेवा पर्व युवा पीढ़ी को सकारात्मक सोच के साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार कर रहा है। रचनात्मक और सृजनात्मक भावना उन्हें भविष्य के नेता, आविष्कारक और निर्माता बनाएगी और वे भारत के विकास पथ को आकार देंगे। ‘‘उपराज्यपाल ने युवाओं से नेतृत्व की भूमिका निभाने और राष्ट्र निर्माण के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा “हमारे युवा समृद्ध भविष्य को आकार देने, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। देश को आगे बढ़ाने के लिए समाज के विकास और प्रगति में योगदान देने की उनकी महती जिम्मेदारी है।”
उन्होंने युवा पीढ़ी और समाज के सभी वर्गों से सतर्क रहने और देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रही विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। उपराज्यपाल ने ‘विकसित भारत के रंग-कला के संग‘ कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। उन्होंने इस पहल को नियमित रूप से आयोजित करने का भी आह्वान किया।
सांसद जुगल किशोर शर्मा, उपकुलपति जम्मू विश्वविद्यालयय प्रो. उमेश राय, संभागीय आयुक्त जम्मू रमेश कुमार, पुलिस महानिरीक्षक जम्मू भीम सेन टूटी, उपायुक्त जम्मू डॉ. राकेश मन्हास, क्षेत्रीय निदेशक, आईजीएनसीए श्रुति अवस्थी, वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुख और बड़ी संख्या में युवा समापन समारोह में शामिल हुए।