5 Dariya News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति के अर्थ को बदला- हरविंदर कल्याण

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने करनाल के गांव मोहिदिनपुर में सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत

5 Dariya News

करनाल 23-Sep-2025

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति के अर्थ को बदल दिया है, पहले राजनीति को केवल सत्ता और उसके उपयोग के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब सत्ता का उपयोग केवल सेवा के लिए किया जाता है। आज प्रधानमंत्री से लेकर सभी जिम्मेदार नेता लोगों के बीच रहकर कार्य करते हैं।

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण मंगलवार को गांव मोहिदिनपुर, करनाल में सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बढ़ चढ़ कर रक्तदान शिविर में भाग लिया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने रक्तदान करने वाले व्यक्तियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

*देश भर में चलाया जा रहा सेवा पखवाड़ा*

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देश भर में सेवा पखवाड़ा चलाया जा रहा है, जिसके तहत लगातार सेवा के कार्य अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में प्रशासन, सामाजिक संस्थाएं और व्यापारिक संगठन के साथ समाज के लोग मिलकर हिस्सा ले रहे हैं।

*पिछले 10 वर्षों में व्यवस्थाओं में हुआ काफी बदलाव*

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन संघर्ष भरा जीवन रहा है, उन्होंने गरीबी व कठिनाइयों को बहुत करीब से अनुभव किया है। यही कारण है कि वे आज प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए हर गरीब की चिंता करते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में व्यवस्थाओं में काफी बदलाव हुए हैं। आज सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में जाता है। जिससे भ्रष्टाचार खत्म हुआ है।

*सब मिलकर करे समाज के लिए अच्छे कार्य*

हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि आज आयोजित कार्यक्रम केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर व्यक्ति में सेवा भाव को जागृत करने का अवसर है। सेवा पखवाड़े का यही अर्थ है कि हम सब मिलकर समाज के लिए अच्छे के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि हमे अपने इलाके को तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाना है तो बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने और उन्हें अच्छे संस्कार देने की आवश्यकता हैं ताकि एक खुशहाल समाज का निर्माण हो सके।