5 Dariya News

अध्यापक शिक्षा की गुणवत्ता पर दे विशेष ध्यान: राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष

बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार प्रदान करें तथा स्वच्छता के लिए जागरूक करें

5 Dariya News

करनाल 20-Sep-2025

हरियाणा के राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष ने कहा कि अध्यापक शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें और बच्चों को शिक्षा के साथ - साथ अच्छे संस्कार प्रदान करें तथा स्वच्छता के प्रति बच्चों को जागरूक करें। राज्यपाल शनिवार को करनाल स्थित सेक्टर-13 के राजकीय स्मार्ट प्राथमिक पाठशाला में छात्र - छात्राओं, अभिभावकों तथा अध्यापकों के साथ संवाद कर रहे थे।

इस अवसर पर करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने  सेक्टर-13 के स्कूल में पहुंचने पर राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष का पुष्प - गुच्छ देकर स्वागत किया।राज्यपाल प्रो घोष ने अपने ऐच्छिक कोष से स्कूल सुविधाओं के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्कूल शिक्षा का आधार है अगर प्राथमिक स्कूलों में ही गुणवत्ता पर आधारित शिक्षा छात्रों को दी जाए तो देश के गौरव के लिए सहयोग मिलता है क्योंकि बच्चे देश का कर्णधार है।

उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा और हमारे देश के युवा अच्छे वैज्ञानिक, इंजीनियर, डॉक्टर तथा प्रशासनिक पदों को शोभामान करेगें।  देश प्रगति के पथ पर और आगे बढ़ेगा। राज्यपाल ने कहा कि अध्यापक बच्चों को खेलों के प्रति भी प्रोत्साहित करे और बच्चों के साथ स्नेहपूर्ण व्यवहार रखें। अभिभावक भी बच्चों के साथ मित्र जैसा व्यवहार रखें। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वाहन किया कि वे अपने माता - पिता को अपना दोस्त समझें और हर छोटी से छोटी समस्या को साझा करें। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे पेरेंट्स मीटिंग में अवश्य भाग लें और अध्यापक से बातचीत करें।

हरियाणा के राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष ने विद्यार्थियों को  प्रोटीन बार वितरित किए, उन संग बातचीत की और शिक्षा की गुणवत्ता को परखा। स्कूली बच्चें राज्यपाल का स्नेह और सानिध्य पाकर बेहद खुश नजर आए। राज्यपाल ने बच्चों की नोटबुक लिखाई और चित्र सहित कहानी लिखी हुई देखकर प्रसन्नता प्रकट की। राज्यपाल ने इस दौरान बच्चों के नाखून चेक किए और स्वच्छता का संदेश दिया।

राज्यपाल ने इस दौरान स्कूल के शौचालयों का निरीक्षण किया और कहा कि स्कूल में छात्र - छात्राओं के शौचालय की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्कूल प्रांगण में स्वच्छता एवं भवन की स्थिति को लेकर प्रसन्नता जाहिर की। इस मौके पर राज्यपाल प्रो घोष ने अपने ऐच्छिक कोष से स्कूल सुविधाओं के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।