5 Dariya News

हरियाणा खेलों में हमेशा रहा है अग्रणी, नागरिकों के साथ पुलिस के जवानों का भी योगदान : राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष

हरियाणा के राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष ने 74 वें अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती समूह 2025-26 के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की

5 Dariya News

मधुबन (करनाल) 20-Sep-2025

हरियाणा के राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष ने कहा कि खेलों का प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान हैं और खेलों के बिना किसी भी व्यक्ति का सर्वांगीण विकास कठिन है। अनुशासन बनाए रखने में खेलों का बड़ा महत्त्व है। पुलिस कर्मियों में अनुशासन का होना अत्यंत आवश्यक है, जिसमें खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल अनेकता में एकता का अनूठा उदाहरण होते हैं।

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष शनिवार को पुलिस परिसर मधुबन  वच्छेर स्टेडियम में 74 वें अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती समूह 2025 - 26 के उद्घाटन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित गणों को संबोधित कर रहे थे। इस कुश्ती समूह प्रतियोगिता के दौरान आर्म रेसलिंग, बॉडी बिल्डिंग, बॉक्सिंग एवं कुश्ती में पुरुष एवं महिला वर्ग का आयोजन किया जाएगा। 

कुश्ती समूह 20 सितंबर से 24 सितंबर तक चलेगा जिसमें कुल 35 टीमें भाग ले रही हैं और अपने - अपने वर्ग में पदकों के लिए जोर आजमाइश करेंगी।राज्यपाल प्रो. घोष ने कहा कि हरियाणा खेलों की दृष्टि से हमेशा ही अग्रणी रहा है।  इसमें नागरिकों के साथ - साथ पुलिस के जवानों का भी प्रमुख योगदान है। हमारे हरियाणा पुलिस के जवानों ने विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश एवं प्रदेश का नाम रोशन किया है और हरियाणा पुलिस का मान सम्मान बढ़ाया है। 

वर्तमान समय में बहुत से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हरियाणा पुलिस में विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने इन खेलों के आयोजन के लिए हरियाणा पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि वह इसी प्रकार से भविष्य में भी खेलों का आयोजन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाते रहें।इस अवसर पर हरियाणा पुलिस महानिदेशक श्री शत्रुजीत कपूर ने अपने संबोधन में हरियाणा के उभरते युवा खिलाडियों के लिए विशेष घोषणा की। 

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार से अनुमति प्राप्त करके प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के होनहार खिलाडिय़ों को हरियाणा पुलिस में शीघ्र भर्ती किया जाएगा।  इससे युवा खेलों के प्रति प्रोत्साहित होंगे। श्री शत्रुजीत कपूर ने कहा कि पुलिस जवानों के हौसले बुलंद होते हैं। वह अपने कर्तव्य निर्वहन के साथ - साथ खेलों के साथ भी सामंजस्य बैठाते हैं। हरियाणा पुलिस में बहुत से ऐसे खिलाड़ी वर्तमान समय में कार्यरत हैं जिन्होंने प्रदेश का मान बढ़ाने के साथ - साथ हरियाणा पुलिस का नाम राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।