डॉ. सोना थिंद ने आईडीबीआई बैंक के जनहितैषी कार्य की सराहना की
सरकारी अस्पतालों और सरकारी स्कूलों में सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बैंक अधिकारियों ने डिप्टी कमिश्नर को चेक सौंपे
5 Dariya News
फतेहगढ़ साहिब 19-Sep-2025
डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने सिविल अस्पताल और दो सरकारी स्कूलों के लिए ज़रूरी सामान खरीदने के लिए आईडीबीआई बैंक के डिप्टी जोनल हेड (चंडीगढ़ जोन) श्री स्वर्ण सिंह द्वारा कुल 4.36 लाख रुपये की राशि वाले संकेतक चेक सौंपने के लिए धन्यवाद किया। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि आईडीबीआई का यह जनहितैषी कार्य सराहनीय है क्योंकि बैंक द्वारा सीएसआर फंड के तहत दी गई इस वित्तीय सहायता से सिविल अस्पताल में 30 लीटर क्षमता की वॉशिंग मशीन, तीन लोगों के बैठने के लिए 10 बेंच और दवाइयां रखने के लिए 25 रैक खरीदने के साथ-साथ सरकारी एलिमेंट्री स्कूल मानुपुर और धुप्पसड़ी में पंखे, अलमारियाँ, एलईडी और इन्वर्टर आदि भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस अवसर पर बैंक के डिप्टी जोनल हेड स्वर्ण सिंह ने बताया कि बैंक पहले भी समय-समय पर प्रशासनिक सहयोग से समाज सेवा के कार्य करता रहा है और भविष्य में भी स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अधिक सक्रिय सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि आज सिविल अस्पताल में समान की खरीद के लिए 2.86 लाख रुपए और दो सरकारी स्कूलों में सामग्री के लिए 1.50 लाख रुपए के चैक दिए गए हैं।
इस अवसर पर एसडीएम अरविंद कुमार गुप्ता, मैनेजर चंडीगढ़ विजय छाबड़ा, एजीएम और शाखा प्रबंधक सरहिंद विपिन कुमार जैन, मैनेजर गुरविंदर कौर के अलावा स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।