जिले की पांच गौशालाओं को मिला 59.41 लाख रुपये का चारा अनुदान
कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव ने कार्यक्रम में गौशाला संचालकों को चेक वितरित किए
5 Dariya News
झज्जर 16-Sep-2025
हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने आज झज्जर में आयोजित कार्यक्रम में जिले की पांच गौशालाओं को 59.41 लाख रुपये के चारा अनुदान राशि के चेक वितरित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गौशालाओं की देखभाल के लिए हर संभव सहयोग कर रही है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गौवंश हमारी परंपरा, संस्कृति और आस्था का अभिन्न हिस्सा है, इसलिए उनकी सुरक्षा और पोषण का दायित्व हम सबका है। इसी उद्देश्य के तहत हरियाणा गौ सेवा आयोग की स्थापना की गई है और आयोग द्वारा चारा अनुदान के तहत यह राशि हर तीसरे माह चयनित गौशालाओं को जारी कि जाती है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के विकास के लिए प्रदेश सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।आरती सिंह राव ने कहा कि बीते दिनों प्रदेश में अत्याधिक वर्षा होने के कारण कुछ क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा हुई, जिसके समाधान के लिए प्रदेश सरकार पूरी तत्परता के साथ लगी हुई है।
जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छर जनित बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है।कार्यक्रम के उपरांत पत्रकार वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश के नागरिक अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी की समस्या को दूर करने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। आगामी कुछ माह में करीब 400 डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी व करीब 700 डॉक्टरों की भर्ती की जा चुकी है जिनसे नागरिक अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं।