5 Dariya News

अमरप्रीत कौर संधू ने की कंबाइन मालिकों के साथ बैठक

सूखे धान की कटाई करने की अपील

5 Dariya News

फाज़िल्का 12-Sep-2025

फाज़िल्का की डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू ने आज जिले के कंबाइन मालिकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अपील की कि धान की कटाई केवल तभी की जाए जब फसल पूरी तरह से पक जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि कटाई का कार्य केवल दिन के समय ही किया जाए और रात, सुबह जल्दी या देर शाम तक धान न काटा जाए, क्योंकि इन समयों में कटाई करने से धान में नमी की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे किसानों को मंडियों में फसल बेचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जब धान में नमी की मात्रा उचित हो तभी कंबाइन मालिक फसल की कटाई करें। उन्होंने कंबाइन मालिकों से यह भी अपील की कि वे धान की कटाई के दौरान सुपर एसएमएस अवश्य लगाएँ ताकि पराली प्रबंधन में किसानों को सहूलियत हो।

डिप्टी कमिश्नर ने किसानों से भी अपील की कि वे धान की कटाई केवल पूरी तरह पकने के बाद ही करें और कच्ची फसल की कटाई से बचें। उन्होंने कहा कि यदि अधिक नमी वाला धान मंडियों में आता है तो उसके मंड़ीकरण में परेशानी आती है।

बैठक में एसडीएम कंवरजीत सिंह मान और वीरपाल कौर, सहायक आयुक्त (जनरल) अमनदीप सिंह मावी, मुख्य कृषि अधिकारी रजिंदर कुमार कांबोज और कृषि अधिकारी ममता लूणा भी मौजूद रहे।