सेवा पखवाड़ा में रक्तदान, स्वास्थ्य जांच शिविर और पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पखवाड़ा को ऐतिहासिक बनाने का कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
5 Dariya News
चंडीगढ़ 09-Sep-2025
भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश कार्यालय, सेक्टर 33 कमलम में सेवा पखवाड़ा सप्ताह को लेकर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। सेवा पखवाड़ा सप्ताह 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे देशभर में मनाया जाएगा। यह कार्यशाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे इस देशव्यापी सेवा अभियान का हिस्सा रही।
इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न जिलों से आए संयोजक एवं सहसंयोजक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यशाला के संयोजक प्रदेश महामंत्री संजीव राणा तथा सहसंयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश पांचाल, भारत कुमार एवं इंदिरा सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय सचिव डॉ. अलका गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने सेवा पखवाड़ा सप्ताह के महत्व और इसके विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को दी।
डॉ. अलका गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन केवल एक उत्सव नहीं बल्कि सेवा और समर्पण की प्रेरणा का दिन है। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा सप्ताह के अंतर्गत पूरे देश में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, गरीबों एवं वंचितों की सहायता, और समाजहित से जुड़े अन्य कार्य किए जा रहे हैं।
यह आयोजन समाज के हर वर्ग को जोड़ने और सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने भी इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीति तक सीमित नहीं है बल्कि सेवा को ही संगठन का आधार मानती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा "सेवा ही संगठन" का संदेश दिया है, और सेवा पखवाड़ा सप्ताह इस विचारधारा को मजबूत करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाबद्ध ढंग से कार्यक्रम आयोजित करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस अभियान से जोड़े।
“सेवा पखवाड़ा सप्ताह के अंतर्गत सभी जिलों में पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित करवाई जाएंगी। इन खेलों के माध्यम से समाज के युवा वर्ग को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा और साथ ही उन्हें नशे से दूर रखने का भी सशक्त संदेश दिया जाएगा।”
इस कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए संयोजक और सहसंयोजकों ने अपने विचार साझा किए और सेवा पखवाड़ा सप्ताह को सफल बनाने के लिए रणनीतियां तैयार की गईं। इस दौरान कार्यकर्ताओं को यह भी बताया गया कि कैसे इस सेवा अभियान के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाए जा सकते हैं।
कार्यशाला के दौरान यह भी तय किया गया कि आने वाले दिनों में चंडीगढ़ प्रदेश के हर मंडल और हर वार्ड स्तर पर सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रम होंगे। इसमें विशेष रूप से स्वच्छ भारत अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण और जरूरतमंदों को सहायता सामग्री वितरण जैसे कार्यक्रम होंगे।
कार्यशाला में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि वे सेवा पखवाड़ा सप्ताह को प्रदेश में ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएंगे।