5 Dariya News

जगदीप कंबोज गोल्डी ने गाँववासियों को भेंट की 5.63 लाख रुपये की नाव

कहा, पंजाब सरकार हर समय लोगों के साथ

5 Dariya News

जलालाबाद 09-Sep-2025

जलालाबाद के विधायक श्री जगदीप कंबोज गोल्डी ने आज अपने हलके के गाँव आतू वाला के लोगों को 5 लाख 63 हजार रुपये की नाव भेंट की। यह गाँव सतलुज नदी के पानी से बुरी तरह प्रभावित हुआ था और हाल ही में ग्रामीणों ने नाव की माँग रखी थी। विधायक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाव खरीदी और आज गाँव को सौंपी। नाव को पानी में उतारने से पहले अरदास की गई।

इस अवसर पर विधायक गोल्डी ने कहा कि पंजाब सरकार इस प्राकृतिक आपदा के समय लोगों के साथ मज़बूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हरे चारे की फसलें नष्ट हो गई हैं, इसलिए प्रभावित गाँवों में पशुओं के लिए कैटल फीड उपलब्ध करवाई जा रही है और जरूरतमंद लोगों को राशन किटें भी वितरित की जा रही हैं। 

साथ ही, ग्रामीणों की माँग अनुसार नावों की व्यवस्था की जा रही है। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए पहले ही दो बड़े निर्णय किए हैं जिसके अनुसार दरिया से आई रेत अब खेत मालिक की संपत्ति मानी जाएगी व फसलों के नुकसान पर मुआवजा राशि 15,000 रुपये प्रति एकड़ से बढ़ाकर 20,000 रुपये प्रति एकड़ कर दी गई है।

इस अवसर पर जलालाबाद के एसडीएम कंवरजीत सिंह मान भी मौजूद थे। नाव को तुरंत ग्रामीणों की सेवा में लगा दिया गया और गाँववासियों ने नई नाव मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।