पंजाब सरकार द्वारा राहत केंद्रों में रह रहे लोगों को उपलब्ध करवाई जा रही है हर सुविधा
सीनियर आई ए एस अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ और डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू ने किया राहत कैंपों का दौरा
5 Dariya News
फाजिल्का 09-Sep-2025
पंजाब सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से आए लोगों को राहत शिविरों में हर प्रकार की बुनियादी सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। यह जानकारी सीनियर आई ए एस अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ और डिप्टी कमिश्नर फाजिल्का अमरप्रीत कौर संधू ने आज गाँव मौजम, राणा और सलेम शाह के राहत कैंपों का दौरा करने के दौरान दी।
उल्लेखनीय है कि सीनियर आई ए एस अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ विशेष तौर पर बाढ़ राहत कार्यों की निगरानी के लिए फाजिल्का पहुँचे हैं। इस अवसर पर उन्होंने राहत कैंपों में रह रहे बच्चों को खाद्य सामग्री तथा महिलाओं को स्वच्छता संबंधी सामग्री वितरित की।
डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू ने बताया कि सभी राहत शिविरों में चिकित्सा विभाग और पशु पालन विभाग की टीमें तैनात हैं। लोगों को कैंपों में भोजन समेत सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जा रही हैं, साथ ही उनके पशुओं के लिए चारा भी दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए राहत शिविरों में अस्थायी कक्षाएँ शुरू की गई हैं। इसके अलावा एक मोबाइल लाइब्रेरी भी चलाई जा रही है, जो समय-समय पर विभिन्न राहत कैंपों में जाकर लोगों को साहित्य से जोड़ने का कार्य कर रही है।
फाजिल्का जिले में कुल 30 राहत शिविर बनाए गए हैं, जिनमें से 14 शिविरों में 2,761 लोग रह रहे हैं। प्रत्येक शिविर की देखरेख के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी को इंचार्ज नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) डॉ. मंदीप कौर और सहायक कमिश्नर (जनरल) अमनदीप सिंह मावी भी उपस्थित रहे।