5 Dariya News

जलालाबाद को बड़ी सौगात – 10.68 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल पाइपलाइन परियोजना का शिलान्यास

सरकार पूरी कर रही है लोगों की बुनियादी सुविधाएँ – विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी

5 Dariya News

जलालाबाद 08-Sep-2025

मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने आज जलालाबाद शहर को एक बड़ी सौगात दी है। हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाने के उद्देश्य से 10.68 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल पाइपलाइन बिछाने की महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ स्थानीय विधायक श्री जगदीप कंबोज गोल्डी ने किया। इस अवसर पर विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने बताया कि यह शहर की एक पुरानी मांग थी। 

पुरानी पाइपलाइन जगह-जगह से टूटी हुई थी, जिससे सीवरेज का पानी मिलकर लोगों के घरों तक पहुँच रहा था। कई इलाकों में तो पहले पाइपलाइन थी ही नहीं। ऐसे में पंजाब सरकार ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी सोच और कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह (विभाग – स्थानीय सरकार एवं संसदीय मामले, पंजाब) की सरपरस्ती में यह कार्य शुरू हुआ है। 

उन्होंने इसके लिए सनी आहलुवालीया का भी आभार प्रकट किया। आम परिवार से विधायक बने जगदीप कंबोज गोल्डी ने वह कार्य करवाने की शुरुआत की है, जो बड़े नेताओं के समय में भी अधूरा रहा था। विधायक ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 21 किलोमीटर लंबी डी.आई.के-7 पाइपलाइन बिछाई जाएगी और 2050 घरों को नए पेयजल कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे। 

इस योजना में गोबिंद नगरी, आदर्श नगर, लल्ला बस्ती, फाजिल्का-फिरोजपुर रोड, जलालाबाद–श्री मुक्तसर साहिब रोड, जलालाबाद बाहमणी रोड, बाहमणी बाजार, मुख्य बाजार (शहीद ऊधम सिंह पार्क के सामने), जम्मू बस्ती और तहसील कॉम्प्लेक्स के आसपास की गलियाँ शामिल हैं। इससे क्षेत्रवासियों को साफ पानी और बेहतर स्वास्थ्य मिलेगा।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान जिन सड़कों की खुदाई होगी, उन्हें भी साथ-साथ दुरुस्त किया जाएगा। इस अवसर पर हरीश सेतिया, मनजीत सिंह दरगन, प्रदीप चुग, चरणजीत कंबोज, बब्बू डोडा, संजीव परुथी, एस.डी.ओ. सीवरेज बोर्ड लखपत राय, जे.ई. रज्जत सिडाना और नगर परिषद जे.ई. सुखपाल सिंह भी उपस्थित थे।