5 Dariya News

पटियाला से बाढ़ प्रभावित सरहदी ज़िलों के लिए 16 ट्रक राहत सामग्री रवाना

मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की ओर से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला से राहत सामग्री को किया रवाना

5 Dariya News

पटियाला 08-Sep-2025

बाढ़ प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुँचाने के पंजाब सरकार के लगातार प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए, पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की ओर से पटियाला से भेजी गई 16 ट्रकों की राहत सामग्री को रवाना किया। यह राहत सामग्री, जिसे पंजाब राइस मिलर्स एसोसिएशन द्वारा एकत्रित किया गया है, में पशुओं के लिए साइलिज, 5 हज़ार राशन किटें (जिनमें आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल है), चिकित्सीय किटें, ओआरएस, पीने के पानी की बोतलें, ओडोमॉस और रोज़ाना इस्तेमाल की अन्य जरूरी चीजें शामिल हैं। 

ये ट्रक ख़ास तौर पर पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और अन्य सरहदी ज़िलों की ओर भेजे जा रहे हैं, जो बाढ़ की वजह से सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं। इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि यह पहल पंजाबियों की चढ़दीकला को दर्शाती है, जहाँ लोग अपनी कठिनाइयों से ऊपर उठकर दूसरों की मदद के लिए आगे आते हैं। 

उन्होंने कहा कि हालाँकि पटियाला ज़िला भी बाढ़ से प्रभावित है, लेकिन यहाँ के लोगों और संस्थाओं ने सबसे अधिक प्रभावित इलाकों की मदद करके इंसानियत की मिसाल पेश की है। स्वास्थ्य मंत्री ने विशेष तौर पर पंजाब राइस मिलर्स एसोसिएशन की प्रशंसा की, जिनकी बदौलत 16 ट्रकों की यह राहत सामग्री एकत्र की जा सकी। 

इसी तरह उन्होंने पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन श्री हरचंद सिंह बरसट, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निदेशक वरिंदर कुमार, पटियाला के डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव और ऑल इंडिया राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रधान तरसेम सैनी की भी सराहना की, जिन्होंने मिलकर प्रभावित लोगों तक समय पर राहत पहुँचाने में अहम योगदान निभाया है।

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार तत्काल राहत कार्यों से लेकर दीर्घकालिक पुनर्वास योजनाओं तक पूरी ताक़त से काम कर रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल स्वास्थ्य शिविर, पशु चिकित्सा सेवाएँ, भोजन वितरण और पुनर्वास पहलों के माध्यम से लोगों की समस्याओं को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार लोगों का जीवन पटरी पर लाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

इस मौके पर एस.डी.एम. पटियाला हरजोत कौर, सूबा प्रधान गुरदीप सिंह चीमा, श्याम लाल ढेलवां, भोला सिंह, नरेश कुमार, सुरजीत ढिल्लों, गुरजंत सिंह, दिलबाग सिंह, अमरजीत सिंह बख्शीवाला, चमन लाल, रोशन लाल, संजीव शैली, इंद्रजीत सिंह संधू, राकेश कुमार, अजेब सिंह जवंधा, इकबाल सिंह सरां, गौरव गोयल, विक्की, नरिंदर गर्ग, कुलदीप सोहरिया, जसकरण सिंह, राकेश कुमार, गुरदीप सिंह ककराला, परमजीत सिंह, शिव कुमार, लखवीर सिंह थाबलां, अनीश जिंदल, सुरजीत सिंह शाही, तरसेम बांसल, संजीव टांडा, सतिंदर सिंह, नरेश कुमार मित्तल, दरबारा सिंह, सुरेश डकाला, विक्रमजीत सिंह, सरजीवन कुमार और कई अन्य लोग भी उपस्थित थे।