मोहम्मद एलियास खान ने वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया
नुकसानों और राहत कार्यों का लिया जायजा
5 Dariya News
रामबन 07-Sep-2025
उपायुक्त रामबन मोहम्मद एलियास खान ने तहसील बटोत का व्यापक दौरा किया ताकि हाल ही में हुई भारी वर्षा, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन किया जा सके तथा चल रहे बहाली और राहत कार्यों की निगरानी की जा सके।
इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त वरुणजीत सिंह चाढ़क, तहसीलदार बटोत डॉ. रीजूता महाजन, कार्यकारी अभियंता तथा अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।अपने दौरे के दौरान उपायुक्त ने चकवा, तिं्रगला, बर्थल, बांदेरा, चांपा, रखजरोग, बूनबरी और आस-पास के गांवों सहित कई प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने सार्वजनिक एवं निजी ढांचे को हुए नुकसान का जायजा लिया और स्थानीय निवासियों के साथ बातचीत कर उनकी शिकायतें और चिंताएँ सुनीं। उपायुक्त ने प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता का आश्वासन देते हुए त्वरित राहत कार्यों के महत्व पर जोर दिया।
प्रभावित लोगों की तात्कालिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए राशन किट, तंबू और अन्य आवश्यक सामग्री पहले ही वितरित की जा चुकी है। उन्होंने तहसीलदार बटोत को निर्देश दिया कि सभी क्षतिग्रस्त मकानों के राहत मामले प्रस्तुत किए जाएं ताकि राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष के प्रावधानों के तहत क्षतिपूर्ति दी जा सके।
चकवा-धरालता सड़क का निरीक्षण करते हुए, उपायुक्त ने कार्यकारी एजेंसी को निर्देश दिया कि सड़क और जल निकासी प्रणाली का उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए ताकि सुचारू संपर्क बना रहे। उन्होंने जल शक्ति विभाग को जलापूर्ति बहाल करने और विद्युत विकास विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पुनः शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, उपायुक्त ने पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग और ग्रामीण विकास विभाग को कमजोर क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य करने के लिए निर्देशित किया ताकि आगे होने वाले नुकसान को रोका जा सके। उपायुक्त ने हाल की वर्षा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए रामबन नगर के वार्ड नंबर 3 का भी दौरा किया।
उन्होंने गूल-संगलदान सड़क का भी दौरा किया और बीआरओ को कार्य में तेजी लाने और इंजीनियरी मानकों का पालन करने का निर्देश दिया ताकि बुनियादी ढांचे की दीर्घकालिक मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि बहाली और संरक्षण कार्य जल्द से जल्द पूरे किए जाएं ताकि गूल और आस-पास के क्षेत्रों में यातायात और आपूर्ति श्रृंखलाएं ठीक से बहाल हो सकें।
बाद में, उपायुक्त एसएसपी अरुण गुप्ता और एडीसी के साथ सीरी सिंचा रोड और उखराल (रामसू उपमंडल) का दौरा किया। इस दौरान उपायुक्त ने राहत शिविरों का निरीक्षण किया, वहां रह रहे प्रभावित लोगों से बातचीत की और वर्षा से हुए नुकसान और क्षति के संबंध में उनकी समस्याएं सुनीं।
उपायुक्त ने प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने सड़कों, बिजली, जल आपूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाओं की बहाली की भी समीक्षा की ताकि जनता को सुचारू सुविधाएं मिलती रहें। उपायुक्त ने कहा कि जिले में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, आपातकालीन सेवाओं और जनसुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सड़क नेटवर्क की बहाली जिला प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में है।