5 Dariya News

हरियाणा सरकार इस प्राकृतिक आपदा की घड़ी में पूर्ण रूप से पंजाब के साथ - डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा

जींद की अनाज मंडी से डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा ने राहत सामग्री से भरे वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

5 Dariya News

जींद 06-Sep-2025

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस कठिन समय में पंजाब के साथ खड़े होने का जो फैसला लिया है वो सराहनीय है। पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ के हालात को देखते हुए प्रदेश सरकार ने पड़ोसी राज्य की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा ने आज जींद की अनाज मंडी से जिला प्रशासन व सामाजिक संस्थाओं की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री से भरे पांच वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह राहत सामग्री पंजाब के जिला संगरूर में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भेजी गई है।

उन्होंने बताया कि राहत सामग्री में सुखा दूध, दाल, चीनी, नमक, प्याज, आलू, चावल, आटा, सरसों का तेल, चाय, हल्दी, लाल मिर्च, रस्क, बिस्कुट, मोमबती पैकेट, पानी की बोतलें, नहाने व कपड़े धोन का साबुन, सैनेटरी पैड, टूथब्रश व पेस्ट, मच्छरदानी, ओआरएस, मच्छर भगाने वाली दवाएं, तिरपाल तथा मैडिकल फस्ट एड बॉक्स व आवश्यक दवाइयां जैसी तमाम मूलभूत जरूरतों की चीजें शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा आदिकाल से मानव सेवा एवं आतिथ्य सत्कार के लिए जाना जाता है और हर प्रकार की प्रतिकूल परिस्थितियों में देश, समाज व राष्ट्र के प्रति समर्पित रहा है। संकट की घड़ी में पंजाब के लोगों की यथासंभव सहायता करना हमारा नैतिक दायित्व है और उसे हम बखूबी निभाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आपदा के इस विकराल एवं भयावह हालात से पंजाब वासियों को जल्द उभरने की शक्ति एवं राहत देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।