भारी बरसात से प्रभावित गांवों का विधायक डॉ. ईशांक कुमार ने किया दौरा
लोगों की समस्याएं सुनी, जरूरतमंदों को राहत सामग्री वितरित की
5 Dariya News
होशियारपुर 06-Sep-2025
विधानसभा चब्बेवाल के विधायक डॉ. ईशांक कुमार ने आज विधानसभा क्षेत्र के उन गांवों का दौरा किया जो हाल ही में हुई भारी बरसात से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इस दौरान उन्होंने राजपुर भाइयां, मोना कलां, फ़दमा, खनौड़ा और फुगलाना गांवों में जाकर लोगों से बातचीत की और उनकी मुश्किलों को ध्यानपूर्वक सुना।
डॉ. ईशांक कुमार ने प्रभावित परिवारों को विश्वास दिलाया कि पंजाब सरकार तथा जिला प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है और हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने मौके पर ही जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री वितरित की और कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं जो प्रभावित घरों, सड़कों और अन्य ढांचों की रिपोर्ट जल्द से जल्द तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपेंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रभावित गांवों में राहत और बचाव कार्य तेज गति से चलाए जाएं ताकि लोगों को जल्द से जल्द सामान्य जीवन की ओर लौटाया जा सके।
इस अवसर पर विधायक ने प्रभावित स्थलों का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि बरसात से आई मुश्किलें अस्थायी हैं, लेकिन एकजुट होकर हम इन्हें दूर करने में सफल होंगे। इस मौके पर एसडीएम होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे।