तरुणप्रीत सिंह सोंद ने फाजिल्का में राहत कार्यों की समीक्षा की
5 Dariya News
फाजिल्का 05-Sep-2025
पंजाब के पंचायत मंत्री श्री तरुणप्रीत सिंह सोंद आज फाजिल्का ज़िले के दौरे पर पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने ज़िला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा की। मंत्री श्री सोंद ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार हर ज़रूरतमंद और प्रभावित परिवार तक राहत सामग्री पहुँचा रही है।
उन्होंने बताया कि यह एक प्राकृतिक आपदा है, लेकिन इस कठिन समय में सरकार अपने नागरिकों के साथ मज़बूती से खड़ी है।उन्होंने कहा कि ज़िले की सभी प्रशासनिक टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए। साथ ही, पीड़ित परिवारों तक राशन और उनके पशुओं के लिए चारा नावों के माध्यम से भी अंदरूनी गाँवों तक पहुँचाया जा रहा है।
मंत्री श्री सोंद ने जानकारी दी कि ज़िले में कई राहत कैंप सक्रिय हैं, जिनमें ठहरे सभी लोगों को पंजाब सरकार द्वारा सभी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शनिवार को वे स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर सुश्री अमरप्रीत कौर संधू ने मंत्री को ज़िले की स्थिति और प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरमीत सिंह, पूर्व विधायक गुरप्रीत सिंह जी.पी. (प्रमुख एस.सी. विंग पंजाब), श्री चुसपिंदर सिंह चहल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) डॉ. मनीदीप कौर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) सुभाष चंद्र तथा ज़िला विकास एवं पंचायत अधिकारी नीरू गर्ग भी मौजूद रहे।