गुरमीत सिंह खुड्डीयां का लगातार दूसरे दिन फाजिल्का ज़िले का दौरा
जलालाबाद हल्के के गांवों में बाढ़ राहत प्रबंधों का लिया जायज़ा, राहत सामग्री वितरित
5 Dariya News
जलालाबाद 31-Aug-2025
मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान द्वारा सभी मंत्रियों को ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर जनता के साथ खड़े होने के निर्देशों के तहत, कृषि मंत्री श्री गुरमीत सिंह खुड्डीयां आज लगातार दूसरे दिन फाजिल्का ज़िले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधानसभा हलका जालालाबाद के गांव ढाणी बचन सिंह, आतु वाला और ढाणी नाथा सिंह का दौरा किया।
उनके साथ जालालाबाद के विधायक श्री जगदीप कंबोज गोल्डी भी मौजूद रहे। गांवों के लोगों से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री श्री गुरमीत सिंह खुड्डीयां ने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार इस मुश्किल घड़ी में पूरी तरह से जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि गिरदावरी करवा कर प्रभावित लोगों को उचित मुआवज़ा दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुआवज़ा नीति केंद्र सरकार तय करती है और लगातार केंद्र सरकार पर दबाव बनाया जा रहा है कि प्रति एकड़ मिलने वाला मुआवज़ा बढ़ाकर 25 हज़ार रुपये किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव त्वरित मदद उपलब्ध करा रही है।
गांवों में प्रभावित परिवारों को राशन किट, पशुओं के लिए चारा और कैटल फीड भेजी जा रही है। इस मौके पर उन्होंने मौके पर ही पशुओं के लिए मक्की का आचार और कैटल फीड वितरित करवाई। विधायक जालालाबाद श्री जगदीप कंबोज गोल्डी ने कहा कि प्रशासन के माध्यम से लगातार यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर प्रभावित व्यक्ति तक राहत सामग्री पहुँचे और कोई भी पीड़ित परिवार राहत से वंचित न रहे।