खरड़ विधानसभा की बदहाली कुदरत से नहीं, आप सरकार की नाकामी से : विनीत जोशी
5 Dariya News
नयागाँव 30-Aug-2025
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विनीत जोशी ने कहा कि पंजाब में बाढ़ का असर कुदरत की मार जरूर है, लेकिन खरड़ विधानसभा की दुर्दशा पूरी तरह आप सरकार की नालायकी, लापरवाही और भ्रष्टाचार का नतीजा है।खरड़, कुराली और नयागाँव की नगरपालिकाएं हों या माजरी ब्लॉक के गांव – हर जगह हालात बद से बदतर हैं। विधायक अनमोल गगन मान और आप सरकार की अक्षमता के कारण जनता को गर्मी और मॉनसून दोनों में पीड़ा झेलनी पड़ती है। गर्मी में न बिजली थी, न पीने का पानी – और अब बरसात में गलियां और सड़कें दरिया बन चुकी हैं।
खरड़-लांडरां रोड, निज्जर रोड, शिवालिक सिटी के सामने की सड़क, मोहल्लों की गलियां – हर जगह पानी भरा है। कई इलाकों में हफ्तों तक पानी नहीं निकलता। कहीं पीने का पानी नहीं आ रहा, कहीं बिजली गुल है और कुछ जगह तो सीवरेज का गंदा पानी पीने के पानी में मिल रहा है।कुराली शहर में नगर खेड़ा चौक, फव्वारा चौक, माता रानी चौक, मेन बाज़ार – सब जगह बरसात ने हाल बेहाल कर दिया है और सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। नयागाँव नगर परिषद के नाडा, कारोरां, कान्सल जैसे इलाकों में हर साल यही हाल होता है। थोड़ी सी बारिश में सड़कें दरिया का रूप ले लेती हैं।
गांवों की हालत भी कुछ अलग नहीं। जयंती माजरी से गुड़ा कसौली, करोरां से टांडा-टांडी जाने वाली लिंक रोड, न्यू चंडीगढ़ की इको सिटी की सड़कें – सबकी हालत खस्ता है। टूटी सड़कों और लटके पड़े पुलों ने गांववासियों का जीवन दूभर कर दिया है।माजरी ब्लॉक के मिर्जापुर, अभिपुर, गोचर, तारापुर, खिजराबाद, थाना गोबिंदगढ़, संगतपुरा, पलनपुर, करतारपुर, तिड़ा, सयालबा माजरी, नगलियाँ, आदि गांवों की सड़कों पर जगह-जगह खड्डे हैं और बारिश का पानी हफ्तों तक जमा रहता है।
जोशी ने कहा कि खरड़ विधानसभा में आम जनता बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि तुरंत इन समस्याओं को हल किया जाए और क्षेत्र की जनता को राहत दी जाए।