5 Dariya News

केंद्र सरकार ‘राशन चोरी’ के नए हथकंडे अपनाकर पंजाबियों के मुँह से रोटी छिनने लगी: हरपाल सिंह चीमा

बीजेपी की घटिया चालों को कभी सफल नहीं होने देंगे: वित्त मंत्री

5 Dariya News

पटियाला 24-Aug-2025

पंजाब के वित्त, योजना, कर एवं आबकारी मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब की जनता को मुफ्त अनाज योजना से वंचित करने के लिए जो घटिया चालें चल रही है, उन्हें न तो पंजाब के लोग और न ही आम आदमी पार्टी की सरकार सफल होने देगी। आज पटियाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत 55 लाख पंजाबियों को मुफ्त अनाज योजना से वंचित करने के फैसले की कड़ी आलोचना की। 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने के.वाई.सी. पंजीकरण पूरा न होने का बहाना बनाकर पहले 23 लाख लोगों का राशन बंद कर दिया है और अब 32 लाख और लोगों का राशन बंद करने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक सुनियोजित साज़िश के तहत पंजाब और पंजाबियों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा तीन काले कानूनों की विफलता के बाद अब नई चालें चल रही है, लेकिन पंजाब में कभी सफल नहीं होगी और आम आदमी पार्टी की सरकार मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी। 

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भाजपा शुरू से ही पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार करती आई है। इसके उदाहरण हैं – ग्रामीण विकास फंड (आर.डी.एफ.) के 8 हज़ार करोड़ रुपये रोकना, प्रधानमंत्री सड़क योजना के करीब 1 हज़ार करोड़ रुपये का फंड न जारी करना और जी.एस.टी. मुआवज़े के 50 हज़ार करोड़ रुपये का बकाया न देना। अब भाजपा द्वारा पंजाब के लोगों का राशन बंद करना सीधे-सीधे गरीब जनता के साथ ज़्यादती है। वित्त मंत्री ने कहा कि भाजपा पंजाब में 8,02,493 राशन कार्ड रद्द करने की घटिया चालें चल रही है। 

इसके कारण 32 लाख लोगों को मुफ्त राशन से वंचित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों की रोटी छीनने के लिए "राशन चोरी" जैसे हथकंडे अपना रही है। जिस पंजाब ने पूरे देश का पेट भरा है, आज उसी का मुफ्त राशन बंद करके केंद्र घटिया राजनीति कर रही है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा के.वाई.सी. पंजीकरण न होने का बहाना बनाकर गरीबों का राशन बंद किया जा रहा है। 

लेकिन पंजाबी इन दबाव डालने वाले हथकंडों के आगे कभी नहीं झुकेंगे और न ही अपने जायज़ अधिकार छोड़ेंगे। हरपाल सिंह चीमा ने आगे कहा कि भाजपा एक तरफ दिखावा करती है कि वह केंद्र की योजनाओं का लाभ देने के लिए लोगों तक पहुँच रही है, जबकि दूसरी तरफ जनता का निजी डाटा इकट्ठा कर रही है, जो कि केंद्र सरकार के ही बनाए गए पर्सनल डाटा प्रोटेक्शन एक्ट 2023 का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से भाजपा पंजाबियों का डाटा चोरी कर उसे तोड़-मरोड़कर इस्तेमाल करने पर आमादा है। भाजपा देश के लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है।

इस मौके पर विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा, विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर, पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट, जिला प्रधान मेघ चंद शेर माजरा, संगठन इंचार्ज पटियाला अर्बन एवं चेयरमैन तेजिंदर महिता, मेयर कुंदन गोगिया, लोकसभा पटियाला इंचार्ज बलजिंदर सिंह ढिल्लों, मीडिया इंचार्ज हरपाल जुनेजा, संजीव गुप्ता, महिंदर मोहन सिंह, रविंदरपाल सिंह (प्रिंस लांबा), सुमीत तेजा, मोहित कुजरेजा, गज्जन सिंह समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे।