लोगों को घर के पास सेवाएँ उपलब्ध करवाने में सहायक हो रहे हैं जन सुविधा कैंप : डॉ. प्रीति यादव
कहा, जन सुविधा कैंप प्रशासन को लोगों की समस्याएँ समझने और हल करने में मददगार साबित हुए
5 Dariya News
घनौर/राजपुरा/पटियाला 21-Aug-2025
पंजाब सरकार द्वारा लोगों को प्रशासनिक सेवाएँ उनके घरों के पास उपलब्ध करवाने के लिए लगाए जाने वाले जन सुविधा कैंपों का लोग बड़ी संख्या में लाभ उठा रहे हैं और अपने समय और पैसे की बचत कर रहे हैं। यह बात डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव ने गाँव आकड़ में लगे जन सुविधा कैंप में लोगों की समस्याएँ सुनते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जन सुविधा कैंप प्रशासन को लोगों की समस्याएँ समझने और उनका समाधान करने में सहायक हैं। इस कैंप में सभी सेवाएँ देने वाले विभाग एक ही जगह पर एकत्रित होते हैं और लोगों को उनके गाँव में ही प्रशासनिक सेवाएँ दी जाती हैं।
जन सुविधा कैंप के दौरान गाँव पबरी, आकड़ी, आकड़, सेहरी, पबरा और गोपालपुर के लोगों से बातचीत में डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इन कैंपों ने लोगों की ज़िंदगी में बड़ा बदलाव लाया है। अब लोगों को छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि ये सारी सेवाएँ अब कैंप के माध्यम से लोगों को गाँवों में ही आसानी से मिल रही हैं।
इस मौके पर लोगों ने कहा कि इन कैंपों से जहाँ समय की बचत हुई है, वहीं दफ्तर जाकर काम करवाने से पूरा दिन खराब होता था, जिससे आर्थिक नुकसान होता था—अब वह भी बच रहा है। डॉ. प्रीति यादव ने कहा कि ज़िला प्रशासन द्वारा हर गुरुवार को अलग-अलग सब डिवीजनों में ये जन सुविधा कैंप लगाए जाते हैं, ताकि लोग अपनी समस्याओं का समाधान आसानी से करवा सकें।
इस कैंप के दौरान आधार कार्ड में नाम सुधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन, स्वास्थ्य विभाग द्वारा रोगियों की जांच व मुफ्त दवाएँ, श्रम विभाग की लाल कॉपी, कृषि, ग्रामीण विकास, राजस्व विभाग के जमीन रिकॉर्ड संबंधी कार्य, जाति व निवास प्रमाण पत्र, विशेष आवश्यकताओं वाले बच्चों के यू.डी.आई.डी. कार्ड बनवाकर पेंशन लगवाने तथा डाक विभाग से जुड़े कार्यों के लिए लोगों ने अधिकारियों से मुलाकात कर अपने कार्य करवाए।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव ने गाँव आकड़ स्थित गुरुद्वारा नीम साहिब में मत्था टेका और समाज की भलाई के लिए अरदास की। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं तथा गाँव आकड़ में भी कार्यक्रम कराए जाएँगे और गाँव के विकास के लिए विशेष ग्रांट जारी की जाएगी।
इस मौके पर ए.डी.सी. (ग्रामीण विकास) अमरिंदर सिंह टिवाना, बी.डी.पी.ओ. जतिंदर सिंह ढिल्लों, पंचायत अधिकारी योगिंदर सिंह, इकबाल सिंह, रंजीत सिंह, सरपंच पबरी महिंदर सिंह, सरपंच आकड़ सुखदीप कौर, सरपंच आकड़ी जसविंदर सिंह, सरपंच सेहरी सुरेश कौर, सरपंच पबरा सुमन लता, सरपंच गोपालपुर खुशप्रीत सिंह और सतविंदर सिंह भी उपस्थित थे।