5 Dariya News

फ़ाज़िल्का में सेना, बीएसएफ और सिविल प्रशासन की साझेदारी मज़बूत करने हेतु तीन दिवसीय कार्यशाला

5 Dariya News

फ़ाज़िल्का 21-Aug-2025

फ़ाज़िल्का में भारतीय सेना, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और सिविल प्रशासन के बीच आपसी सहयोग और तालमेल को और अधिक मज़बूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें सीमा क्षेत्रों से जुड़े सुरक्षा, विकास और सामाजिक मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

कार्यशाला के पहले दिन भारतीय सेना के ब्रिगेडियर सुशील चाँदवानी, फ़ाज़िल्का की उपायुक्त अमरप्रीत कौर संधू, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरमीत सिंह, एडीसी डॉ. मनदीप कौर, एसडीएम वीरपाल कौर सहित विभिन्न विभागों के ज़िला प्रमुखों व बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारिओं  ने भाग लिया। दूसरे दिन विभाग अनुसार लंबित मुद्दों पर चर्चा की गई।  

बैठक में सीमा क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को और मजबूत बनाने पर विशेष ज़ोर दिया गया। साथ ही, सिविल प्रशासन, सेना और बीएसएफ के बीच तालमेल और संवाद को और प्रभावी बनाने पर बल दिया गया, ताकि सीमा क्षेत्र के निवासियों को सुरक्षा और सुविधाओं के मामले में बेहतर सहयोग मिल सके।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सीमा क्षेत्रों के युवाओं को सेना और अर्धसैनिक बलों में भर्ती हेतु उचित मार्गदर्शन दिया जाएगा।इसके अलावा पूर्व सैनिकों के कल्याण, रोज़गार और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं को लागू करने तथा उनके अनुभव का लाभ समाज और युवा पीढ़ी को दिलाने पर भी चर्चा हुई।

भारतीय सेना ने आश्वस्त किया कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने और सिविल प्रशासन की सहायता के लिए उसकी टुकड़ी हमेशा तैयार रहती है। साथ ही सीमा क्षेत्रों में अफवाहों और झूठी ख़बरों के प्रसार पर रोक लगाने तथा इस संबंध में कड़ी निगरानी रखने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में शामिल सभी अधिकारियों ने एकमत होकर कहा कि सीमा क्षेत्रों की जनता की समस्याओं का समाधान और राष्ट्रीय सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए संयुक्त प्रयास जारी रहेंगे।बाद में डिप्टी कमिश्नर व अन्य अधिकारी गण ने सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा भी किया।और आसफ वाला वार मेमोरियल पर जाकर शहीदों को श्रध्दांजली भी दी।