5 Dariya News

देशभक्ति की भावना लोगों में जब हुंकार लेने लगती है तो बड़े-बड़े देश के दुश्मन डरकर भाग जाते हैं - ऊर्जा मंत्री अनिल विज

तिरंगा यात्रा में देशभक्ति गीतों की धुनों पर थिरके अनिल विज, तिरंगा फहराते हुए ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए

5 Dariya News

अम्बाला 13-Aug-2025

हरियाणा के ऊर्जा श्री अनिल विज ने कहा कि देश भक्ति की भावना जब लोगों में पूरी तरह से हुंकार लेने लगे तो बड़े-बड़े देश के दुश्मन डरकर भाग जाते हैं। देश आजादी की वर्षगांठ मनाने जा रहा है और सारे देश को तिरंगामय करने के लिए हर शहर व प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकालने का कार्यक्रम तय किया है।

श्री विज आज अम्बाला छावनी में निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस यात्रा में मंत्री अनिल विज देश भक्ति के रंग में रंगे दिखे और हाथ में तिरंगा थाम देशभक्ति गीतों की धुनों पर वह थिरकते नजर आए। उन्होंने हाथ में तिरंगा फहराते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाकर जोश का संचार किया।  

समूचा शहर तिरंगामय हुआ, लोगों में यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला

अम्बाला छावनी अग्रवाल धर्मशाला से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं के अलावा आमजन ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान समूचा शहर तिरंगामय हुआ। लोगों में यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और देशभक्ति गीतों की धुनों पर लोग जमकर झूमें। बाजारों में जगह-जगह तिरंगा यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया।

तिरंगा यात्रा के दौरान अम्बाला छावनी देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नजर आई

तिरंगा यात्रा के दौरान अम्बाला छावनी देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नजर आई। यात्रा जहां से निकली वहां लोग देशभक्ति के गीतों पर नाचते-झूमते नजर आए। तिरंगा यात्रा के स्वागत में जगह-जगह फूल बरसाए गए। लोगों व दुकानदारों ने घरों व दुकानों की छतों से यात्रा पर फूलों की वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान मंत्री अनिल विज ने सभी का अभिवादन किया और लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाईयां दी।