5 Dariya News

विनीत वर्मा द्वारा फेज 10 और 11 के व्यापारियों की समस्याओं का मौके पर निपटारा

चल रहे सीवरेज प्रोजेक्ट के कारण व्यापारियों को आ रही मुश्किलों का तुरंत समाधान करने के निर्देश

5 Dariya News

साहिबजादा अजीत सिंह नगर 08-Aug-2025

पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन के सदस्य श्री विनीत वर्मा ने आज मोहाली के फेज 11 और फेज 10 के व्यापारियों और निवासियों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर उनकी मुश्किलें सुनीं। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भी बुलाया, जिनमें लोक स्वास्थ्य विभाग के एस.डी.ओ. रमनदीप सिंह, नगर निगम के एस.डी.ओ. धर्मिंदर और गमाडा के एस.डी.ओ. आकाशदीप सिंह शामिल थे। 

श्री वर्मा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार व्यापारियों को हर सुविधा प्रदान करने और उनके मसलों को पहल के आधार पर हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को हिदायत दी कि व्यापारियों को पेश आ रही समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए।

फेज 11 में चल रहे सीवरेज प्रोजेक्ट के कारण व्यापारियों और आम लोगों को हो रही परेशानी का श्री विनीत वर्मा ने गंभीर नोटिस लिया तथा उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस काम में तेजी लाने और इसे जल्द से जल्द मुकम्मल करने के सख्त निर्देश दिए। मार्केट प्रधान पवन गर्ग और मित्तल द्वारा पार्किंग में पड़े सीवरेज के मलबे को तुरंत हटाने की मांग पर श्री वर्मा ने जन स्वास्थ्य विभाग के एस.डी.ओ. को हिदायत दी कि काम के साथ-साथ मलबे को तुरंत उठाया जाए ताकि किसी को परेशानी न हो।

फेज 10 और 11 की मार्केट एसोसिएशनों के प्रधानों द्वारा मार्केट को जाने वाले मुख्य रास्ते के निर्माण की मांग रखी गई। इस पर श्री विनीत वर्मा ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की यह जायज मांग गमाडा के अधिकारियों के साथ तालमेल करके जल्द पूरी करवाई जाएगी। उन्होंने गमाडा अधिकारियों को इस मसले के तुरंत समाधान के लिए निर्देश दिए। 

इसके अलावा, मंदिर के प्रधान द्वारा बताई गई समस्या को भी जल्दी हल करने का भरोसा दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद हर वर्ग की समस्याओं को बिना किसी देरी के हल करना है। श्री विनीत वर्मा ने समूह दुकानदारों और व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के मार्गदर्शन में चल रही पंजाब सरकार और व्यापारी कमीशन, व्यापारियों के हर मसले को पहल के आधार पर हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

इस मौके पर प्लानिंग कमेटी मोहाली की सदस्य कश्मीर कौर, पंजाब गौ सेवा कमीशन के सदस्य अमित जैन, फेज 11 मार्केट एसोसिएशन के प्रधान पवन गर्ग, फेज 10 मार्केट एसोसिएशन के प्रधान गुरचरण सिंह, डॉ. सतीश गर्ग, सुरिंदर सिंह मटौर, गुरमेल सिंह, एस.पी. पांधर, शीतल सिंह, जिला सचिव स्वर्ण लता, ब्लॉक प्रधान हरविंदर सोनिया और तरनजीत पप्पी समेत और भी मार्केटों के प्रधान और व्यापारी बड़ी संख्या में हाजिर थे।