5 Dariya News

अमरप्रीत कौर संधू ने किया बारिश प्रभावित गांवों का दौरा

5 Dariya News

अबोहर 04-Aug-2025

फाजिल्का की डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू ने आज अबोहर उपमंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न बारिश प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने ढींगांवाली, रुकनपुरा, पट्टी बीला और वरियामखेड़ा गांवों में जाकर स्थिति का जायज़ा लिया और लोगों की समस्याएं सुनीं।

डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी के कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि थोड़े समय में अधिक बारिश होने के कारण कुछ क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ड्रेनेज विभाग के साथ-साथ पंचायत विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि गांवों में पानी की निकासी प्राथमिकता के आधार पर करवाई जाए।

डिप्टी कमिश्नर संधू ने बताया कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी और तत्परता से जल निकासी कार्य में लगा हुआ है और जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों से पानी बाहर निकाल लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं फील्ड में रहकर जल निकासी कार्यों की निगरानी करें ताकि कार्यों की प्रगति में कोई बाधा न आए।

इस दौरान अबोहर के एसडीएम कृष्ण पाल राजपूत भी उनके साथ मौजूद थे। गौरतलब है कि 1 अगस्त को हुई भारी बारिश के कारण जिले के कुछ गांवों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।