5 Dariya News

पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता: कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा की हत्या में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार – अरपित शुक्ला

स्पेशल डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर ने दी जानकारी

5 Dariya News

अबोहर (फाजिल्का) 08-Jul-2025

पंजाब पुलिस को कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा की हत्या के मामले में बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (लॉ एंड ऑर्डर) श्री अरपित शुक्ला, आईपीएस ने आज अबोहर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि इस हत्या में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है।

श्री शुक्ला ने बताया कि इस मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही अन्य सभी आरोपी भी पुलिस गिरफ्त में होंगे। उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस की विभिन्न टीमें और विंग्स मिलकर काम कर रही हैं और जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि अब तक पुलिस ने दो आरोपियों – राम रतन पुत्र रमेश कुमार और जसप्रीत सिंह पुत्र हरदीप सिंह को गिरफ़्तार कर लिया है। स्पेशल डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि परिवार को पहले से कोई धमकी नहीं दी गई थी। 

उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस तकनीकी और मानवीय संसाधनों के माध्यम से इस मामले की जांच तेजी से कर रही है और बहुत जल्द अन्य आरोपियों को भी गिरफ़्तार कर लिया जाएगा। इस अवसर पर डीआईजी फिरोज़पुर रेंज श्री हरमनबीर सिंह गिल, डीआईजी एजीटीएफ श्री गुरमीत सिंह चौहान और एसएसपी श्री गुरमीत सिंह भी उपस्थित रहे।