सीजीसी लांडरां में अखंड पाठ का आयोजन - 25वें अकादमिक सेशन की शुरुआत और संस्थान की 25वीं वर्षगांठ का उत्सव हर्षोउल्लास से मनाया गया
5 Dariya News
लांडरां 04-Jul-2025
सीजीसी लांडरां में संस्थान के 25वें अकादमिक सेशन की शुभ शुरुआत से पहले दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए कैंपस में तीन दिवसीय अखंड पाठ का आयोजन किया गया। आज श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला गया, जिसके बाद अरदास, मन को मोहित कर देने वाला कीर्तन और गुरु का लंगर हुआ।
सीजीसी लांडरां के चेयरमैन , सतनाम सिंह संधू, प्रेसिडेंट, रश्पाल सिंह धालीवाल, उनके परिवारजन, फैकल्टी मेंबर्स और सीजीसी लांडरां के सभी कर्मचारी इस पावन अवसर पर माथा टेकने और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए एकत्रित हुए। इस कार्यक्रम के बाद सीजीसी लांडरां की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक स्मृति चिह्न (लोगो) का अनावरण भी किया गया।
यह लोगो संस्थान की शानदार 25 वर्षों की यात्रा और एक उज्जवल भविष्य की आकांक्षाओं का प्रतीक है, जिसका उद्देश्य रिसर्च और अकादमिक एक्सीलेंस उत्कृष्टता में नई ऊंचाइयों को छूना है। 2001 में सीजीसी की स्थापना से संस्थान की यात्रा पर विचार करते हुए, चेयरमैन सतनाम सिंह संधू और प्रेसिडेंट रश्पाल सिंह धालीवाल ने वर्षों में संस्थान द्वारा देखी गई चुनौतियों, संघर्षों, प्रगति और परिवर्तन को याद किया।
उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि किस प्रकार परमात्मा की कृपा और सभी संबंधित लोगों की कड़ी मेहनत व निरंतर प्रयासों ने संस्थान की वृद्धि और इसके विस्तार का मार्ग तय किया। इस अवसर पर बात करते हुए सीजीसी लांडरां के चेयरमैन, सतनाम सिंह संधू ने कहा, "आज हम अपने संस्थान की 25वीं वर्षगांठ और एक नए अकादमिक सेशन की शुरुआत का उत्सव मना रहे हैं, इस शुभ दिन पर हम विनम्रतापूर्वक परमात्मा का धन्यवाद करते हैं, जिनकी अपार कृपा हमारे साथ रही है।
शिक्षा हमारा मिशन रहा है, जिसे एक सामूहिक दृष्टिकोण ने मार्गदर्शित किया है - एक ऐसा दृष्टिकोण जो ओरिजिनल भी है और प्रभावशाली भी। हमारा उद्देश्य हमेशा खुद को चुनौती देना, बदलाव की पहल करना और विकास को बढ़ावा देना रहा है। जैसे-जैसे हम आगे बढ़ते जा रहे हैं, हमें इस विरासत को एक नए उद्देश्य के साथ आगे ले जाना है।
आज के तेज़ी से बदलते नए अकादमिक लैंडस्केप में हो रहे बदलाव को अपनाना बहुत ज़रूरी है। फिर चाहे वह नई एजुकेशन पालिसी हो, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग हो या डेटा-आधारित निर्णय लेना हो। इसे अपनाना अत्यंत आवश्यक है। हमारे लिए आकाश ही सीमा है और सीजीसी लांडरां को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना हम सभी की साझा ज़िम्मेदारी है।"
उन्होंने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा में सीजीसी लांडरां की अग्रणी भूमिका पर भी बात की, जैसे कि यह संस्थान क्षेत्र का पहला ऐसा संस्थान था जिसे ई-गवर्नेंस सेल के लिए नोडल सेंटर के रूप में नामित किया गया था। उन्होंने फैकल्टी की निष्ठा और समर्पण के लिए दिल से आभार व्यक्त किया और सभी से आग्रह किया कि वो एकजुट होकर कार्य करते रहें ताकि सीजीसी लांडरां ज्ञान का प्रकाशस्तंभ और भविष्य की सफलता के लिए एक सशक्त मंच बन सके।
चेयरमैन सतनाम सिंह संधू और प्रेसिडेंट रश्पाल सिंह धालीवाल, ने सभी छात्रों और फैकल्टी को लर्निंग, ग्रोथ और उपलब्धियों से भरे अकादमिक सेशन के लिए शुभकामनाएँ दीं। 25 वर्षों की यात्रा में, सीजीसी लांडरां ने खुद को एक अग्रणी संस्थान के रूप में स्थापित किया है, जो गुणवत्तापूर्ण और किफायती उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिए जाना जाता है, साथ ही अपने मजबूत प्लेसमेंट रिकॉर्ड के लिए भी प्रशंसित है।