5 Dariya News

पंजाब सरकार द्वारा एससी वर्गों का कर्ज माफ

विधायक गोल्डी मुसाफिर ने बाँटे "खुशियों के सर्टिफिकेट

5 Dariya News

अबोहर (फाजिल्का) 04-Jul-2025

मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा अनुसूचित जातियों के ऋण माफी संबंधी प्रमाण पत्रों का वितरण आज एक विशेष समारोह के दौरान किया गया। यह आयोजन फाजिल्का जिले के अबोहर में हुआ। जिसमें बल्लुआणा विधानसभा क्षेत्र से संबंधित लाभार्थियों को क्षेत्र के विधायक श्री अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर ने ऋण माफी के सर्टिफिकेट सौंपे।

इस अवसर पर जानकारी देते हुए विधायक श्री गोल्डी मुसाफिर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा पंजाब अनुसूचित जाति भू विकास एंव वित्त  निगम से दिनांक 31 मार्च 2020 से पहले लिए गए ऋण, जो अनुसूचित जाति समुदाय और दिव्यांग व्यक्तियों द्वारा लिए गए थे, अब माफ कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश भर में कुल 4727 ऋणधारकों का ₹67.84 करोड़ का कर्ज माफ किया गया है।

फाजिल्का जिले की बात करें तो यहाँ के 266 लाभार्थियों का कुल ₹4.97 करोड़ का कर्ज माफ किया गया है। इसी प्रकार, हल्का बल्लुआणा में कुल 95 लाभार्थियों की ₹1 करोड़ 32 लाख 72 हजार 421 रुपये की देनदारी माफ की गई है। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार लोगों के हित और समाज के वंचित वर्गों की भलाई के लिए लगातार कार्य कर रही है। 

उन्होंने बताया कि जिन लाभार्थियों का कर्ज माफ किया गया, उनके चेहरों पर एक अलग ही खुशी देखने को मिली। "ये सिर्फ कर्ज माफी नहीं, बल्कि इनके लिए यह खुशियों का सर्टिफिकेट है," उन्होंने कहा। इस अवसर पर पंजाब अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के जिला प्रबंधक श्री तलविंदर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।