5 Dariya News

प्रोजेक्ट "आस" बना जीवन की नई आस – 28 लोगों ने थामा नशा छोड़ने का रास्ता

सरकार पीड़ितों का कर रही है मुफ्त इलाज : डिप्टी कमिश्नर

5 Dariya News

जलालाबाद 03-Jul-2025

मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाई जा रही पंजाब सरकार की "युद्ध नशों के विरुद्ध" मुहिम के तहत जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा आरंभ किया गया प्रोजेक्ट 'आस' अब युवाओं के लिए जीवन की नई उम्मीद बनकर उभर रहा है। इसी क्रम में आज जलालाबाद में एक आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग नशा छोड़ने की इच्छा से आए और अपनी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर श्रीमती अमरप्रीत कौर संधू ने कहा कि नशा एक बीमारी है और इसका इलाज संभव है। उन्होंने अपील की कि नशे से पीड़ित व्यक्ति इलाज के लिए आगे आएं।उन्होंने कहा कि इलाज पूरी तरह मुफ्त है, पीड़ित की पहचान गोपनीय रखी जाती है, और इलाज के इच्छुक व्यक्ति से कोई अनावश्यक पूछताछ नहीं की जाती।

एसएसपी गुरमीत सिंह ने कहा कि पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के कारण नशे की आपूर्ति में कमी आई है।अब पुलिस पीड़ितों को इलाज के लिए प्रेरित कर रही है ताकि वे फिर से सामान्य जीवन जी सकें और उनके परिवारों की खुशियाँ लौट सकें।

एसएसपी ने बताया कि आज के कैंप में 28 व्यक्तियों ने मौके पर ही नशा छोड़ने का संकल्प लिया और अपना पंजीकरण करवाया। इन सभी का इलाज स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मुफ्त किया जाएगा। एसडीएम कंवरजीत सिंह मान ने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और इसे सांझे प्रयासों से ही समाप्त किया जा सकता है। 

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि उन्हें कहीं भी नशा मिलता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस मौके पर डॉक्टरों की टीम भी मौके पर मौजूद रही। डॉ. एरिक ने भी लोगों को संबोधित किया और नशे से होने वाले नुकसान तथा इलाज की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।