5 Dariya News

स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तथा शिक्षा प्रसार के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत

नरवाना नागरिक अस्पताल का भी भविष्य में होगा जीर्णोद्धार: कैबिनेट मंत्री

5 Dariya News

नरवाना (जीदं) 28-Jun-2025

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तथा शिक्षा प्रसार के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश के आमजन को स्वास्थ्य लाभ मिले इसके लिए चिकित्सा सुविधाओं को अति आधुनिक बनाया जा रहा है साथ ही गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क इलाज एवं उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है। भविष्य में हरियाणा एक स्वस्थ एवं समृद्ध प्रदेश बनेगा और नरवाना हलका में भी स्वास्थ्य सेवाओं तथा सुविधाओं का भरपूर लाभ मिलेगा।

श्री बेदी शनिवार को नरवाना (जींद) में नागरिक अस्पताल में ब्लाक पब्लिक हैल्थ यूनिट के शिलान्यास कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह यूनिट हाॅल नगर परिषद द्वारा बनाया जाएगा और इसके निर्माण पर करीब 60 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस ब्लॉक यूनिट में मल्टीपर्पज हाल की व्यवस्था होगी। इस बहुउद्देशीय हाल में आवश्यकतानुसार समय-समय विभाग द्वारा हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किए जा सकेंगे। इसके अलावा इस हाल में पैथोलॉजी लैब, नर्सिंग रूम, बोर्ड रूम तथा अन्य स्वास्थ्य सबंधित चेकअप व टेस्ट की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

उन्होंने कहा कि नरवाना वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से पिछड़ा रहा है और यहां बेहतर चिकित्सा एवं उपचार सुविधाओं की कमी भी रही है। इस क्षेत्र के आसपास दूसरे इलाकों में भी बढ़िया किस्म के अस्पताल तथा मैडिकल संस्थान के ना होने से इलाका वासियों को अपने इलाज के लिए रोहतक, चड़ीगढ़, हिसार या पटियाला जाना पड़ता है।

संबंधित मेडिकल संस्थानों की दूरी लम्बी होने के कारण इलाके के मरीजों को कई बार जान का जोखिम बन जाता है। लिहाजा नरवाना में नागरिक अस्पताल में उत्तम किस्म की स्वास्थ्य सेवाएं, उपचार तथा इलाज की सुविधा होना लाजमी है। इस कार्य के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और उनकी कोशिश रहेगी कि नरवाना स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अग्रणी बने। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नागरिक अस्पताल के भवन का भी भविष्य में जीर्णोद्धार करवाया जाएगा और इसमें अति आधुनिक तथा उच्च तकनीक युक्त सेवाओं की उपलब्धता करवाई जाएगी।