5 Dariya News

सरबजीत सिंह झिंझर ने लुधियाना पश्चिम में अकाली दल के लिए जोरदार अभियान का नेतृत्व किया, आप शासन की आलोचना की

5 Dariya News

लुधियाना 17-Jun-2025

यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर द्वारा लुधियाना पश्चिमी से अकाली दल के उम्मीदवार परउपकार सिंह घुम्मन के पक्ष में समूह पार्टी नेताओं के साथ जमकर चुनाव प्रचार किया जा रहा है। लुधियाना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “अब दिन बदलने वाले है और हमारी जीत भी निश्चित है! 

यह सिर्फ मैं नहीं, पंजाब का हर एक व्यक्ति कह रहा है, और अकाली दल को लुधियाना के लोगों द्वारा मिल रहा भरपूर प्यार, इस बात की गवाही दे रहा है कि पंजाब के लोग भी इस बात को समझ चुके हैं कि पंजाब की तरक्की के लिए अकाली दल को आगे लाना बहुत जरूरी है।” झिंजर ने आगे कहा, “शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष स. सुखबीर सिंह बादल जी के नेतृत्व में कल निकाला गया रोड शो सफल हुआ है और इसे सफल बनाने में पार्टी नेताओं और लुधियाना के निवासियों ने पूरा योगदान दिया है, जिस तरह से लोगों ने इस रोड शो में बड़ी संख्या में हिस्सा लिया है, उससे पार्टी के प्रति लोगों की अटूट प्रतिबद्धता साफ नजर आ रही है। 

लुधियाना पंजाब का दिल है और यहाँ के लोगों ने आगे आकर यह साफ ज़ाहिर किया है कि वे अब पंजाब में अकाली दल की वापसी चाहते है।” झिंजर ने लुधियाना की बहनों को संबोधित करते हुए कहा, “जब भी कोई आम आदमी पार्टी का नेता वोट मांगने आपके घर आए तो आपको हक है उनको रोककर सवाल पूछने का कि कहाँ हैं हमारे 1100 रुपए महीना जो 40 महीनों से हमें नहीं मिले? इसके साथ ही उन्होंने नौजवानों को भी सरकार से सवाल पूछने के लिए कहा कि कहाँ हैं भगवंत मान द्वारा प्रचारित की गई 55000 नौकरियाँ?”

झिंजर ने प्रदेश में बढ़ते नशे पर चिंता जताते हुए कहा, “आज पंजाब का भविष्य नशे की सूली चढ़ रहा है, एक तरफ ये कहते हैं कि पंजाब में 99% नशा खत्म हो गया है, और दूसरी तरफ इनके ही मंत्री इस बात को नकारते हैं। सिर्फ यही नहीं इनके द्वारा लोगों को नशा तस्करों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा जाता है और जो नशे के खिलाफ आवाज उठाते हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। यह कौन सा युद्ध नशे के विरुद्ध है?”

झिंजर ने पंजाब के विभागों को संभालने के लिए दिल्ली से लाए जा रहे लोगों को लेकर भी चिंता जाहिर की और कहा, “आज वह दिन आ गया है कि पंजाब के जो बनते हक है उनको दिल्ली के हवाले किया जा रहा है, पंजाब के लोगों को नौकरियाँ देने की बजाए पंजाब के विभाग उन्हें सौंपे जा रहे हैं जो नेता दिल्ली के लोगों द्वारा नकारे जा चुके हैं।” झिंजर ने भगवंत मान की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “आप सरकार पिछले साढ़े तीन सालों से पंजाब के लोगों के साथ धोखा करती आई है, झूठे इश्तिहारों के अलावा पंजाब के हिस्से कुछ भी नहीं आया। 

न ही किसानों को एम.एस.पी की गारंटी मिली, न परिवारों को मुआवज़ा, न पंजाब नशा मुक्त बना और न ही नौजवानों को नौकरियाँ मिलीं।” यूथ अकाली दल अध्यक्ष ने आगे कहा, “कल के रोड शो में अधिक संख्या में औरतों और नौजवानों का हिस्सा लेना यह संकेत देता है कि अब लोग समझ चुके हैं कि पंजाब और पंजाबीयत के लिए, भाईचारे की साझेदारी के लिए, तरक्की के लिए, अमन-शांति के लिए शिरोमणि अकाली दल का आगे आना बहुत जरूरी है।”

झिंजर ने लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा, “खराब मौसम होने के बावजूद भी लोगों ने अधिक संख्या में रोड शो में हिस्सा लिया जिसके लिए हम दिल से धन्यवाद करते हैं, यह एकजुटता ज़ाहिर कर रही है कि अब अकाली दल की जीत पक्की है।” इस दौरान पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने रोड शो को संबोधित करते हुए कहा, “आम आदमी पार्टी ने पिछले साढ़े तीन सालों में कुछ नहीं किया और मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के हाथों में सिर्फ एक कठपुतली का काम कर रहा है।”

इस रोड शो में पार्टी के सीनियर नेता जैसे कि स. दलजीत सिंह चीमा, स. सिकंदर सिंह मलूका, स. शरनजीत ढिल्लों, और पार्टी नेताओं ने अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल जी का लुधियाना पश्चिमी से उम्मीदवार परउपकार सिंह घुम्मन जी के पक्ष में निकाले गए रोड शो में साथ दिया।