5 Dariya News

सोलन में चार दिवसीय हिम गोल्ड कप महिला हॉकी टूर्नामेन्ट सम्पन्न

यूपी ईलेवन ने 3-1 से हरियाणा को पराजित किया, राज्यपाल उर्मिला सिंह ने नवाजे विजेता

5 दरिया न्यूज

सोलन 11-May-2014

सोलन में आज 4 दिवसीय महिला हिम गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेन्ट सम्पन्न हो गया। आज हुए एक रोमांचक फाईनल में यूपी ईलेवन ने हरियाणा को 3-1 से शिक्शत देकर ट्राफी अपने नाम की। इस टूर्नामेन्ट में पाकिस्तान की टीम सहित देश के विभिन्न राज्यों से कुल 6 टीमों ने भाग लिया। हरियाणा की निशा टूर्नामेन्ट की बेस्ट प्लेयर रही। समापन अवसर पर राज्यपाल उर्मिला सिंह ने महिला खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विचारों और भावनाओं को संतुलित रखने की कला सिखाने के साथ-साथ खिलाड़ियों के व्यक्तित्व निर्माण में भी सहायक सिद्ध होते हैं। खेलों के माध्यम से खिलाड़ी न केवल बेहतर नागरिक बनते हैं बल्कि जीवन के सभी क्षेत्रों विशेषकर कार्य क्षेत्र में भी श्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सक्षम होते हैं।उन्होंने कहा युवाओं को खेल गतिविधियों में अधिक से अधिक भाग लेना चाहिए। खेलों के माध्यम से आत्मविश्वास, मिलजुल कर कार्य करने की भावना और मित्रता जैसे गुणों का विकास होता है। सभी स्तरों पर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए ।

राज्यपाल ने कहा महिलायें आज हर क्षेत्र में आगे आकर अपनी क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। यह समाज के लिए अच्छा सूचक है क्योंकि कोई भी देश महिलाओं की प्रतिभागिता के बिना आगे नहीं बढ़ सकता। आज देश की कई महिला खिलाड़ियों ने राश्ट्रीय और अर्न्तराश्ट्रीय खेलों में देश का नाम ऊंचा किया है । उन्होंने यह साबित कर दिया कि खेलों में भी  वे ऊंचा मकाम हासिल कर सकती हैं। बालिकाओं को स्कूल स्तर से ही खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने से खेल जगत में महिलायें अच्छा प्रदर्शन कर सकेंगी ।राज्यपाल ने विजेता टीम यूपी ईलेवन को 50 हजार रूपये व ट्रॉफी जबकि उप-विजेता टीम हरियाणा को 25 हजार का चैक व ट्रॉफी प्रदान की। राज्यपाल ने अतिथि टीम पाकिस्तान के सभी खिलाडियों व उनके साथ कोच व मैनेजर को सम्मानित किया।उपायुक्त एवं अध्यक्ष हिम गोल्ड हॉकी एसोसियेशन सोलन मदन चौहान ने स्वागत करते हुए कहा कि एसोसियेशन पिछले 20 वर्षों से लगातार सोलन में हॉकी टूर्नामेन्ट का आयोजन करती आ रही है। इस टूर्नामेन्ट में देश व विदेशों के नामी खिलाड़ी भाग ले चुके हैं।   अतिरिक्त उपायुक्त एवं टुर्नामेंट के निदेशक सी.पी.वर्मा ने धन्यवाद किया।इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पदम चन्द, वाईस प्रेजिडेंट लोकन्द्र चौहान, महासचिव टशी सन्डूप, सदस्य सचिव सुभाष सकलानी, हॉकी इण्डिया के कार्यकारी निदेशक आर.के. श्रीवास्तव, हिम गोल्ड कप सोसायटी के महासचिव बी.आर. नेगी, सचिव वेद प्रकाश, कोषाध्यक्ष मंगलेश्वर शर्मा भी उपस्थित थे।